
एक मंच पर आ रहे हैं पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र शास्त्री, जानें कहां लगेगा अद्भुत दिव्य दरबार
इन दिनों देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक में सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा और बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथा आयोजन हो रहे हैं। हालांकि, दोनों ही कथावाचकों के दिव्य दरबारों में लाखों की संख्या में भक्त पहुंचते हैं। लेकिन, जानकारी सामने आई है कि, जल्द ही ये दोनों कथावाचक एक साथ एक मंच पर नजर आ सकते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आने वाली 17 सितंबर को राजधानी भोपाल में प्रस्तावित बजरंग दल की हिंदू जागरण सभा में ये दोनों कथावाचक शामिल हो सकते हैं।
आपको याद दिला दें कि, वर्ष 2022 के दिसंबर में पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपनी एक कथा के दौरान कहा था कि, सनातन धर्म के लिए हर परिवार के एक बेटे को आरएसएस या बंजरग दल में शामिल कराना चाहिए। वहीं, इसी साल मार्च में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भी अपनी एक कथा के दौरान कहा था कि, विवाहित हिंदुओं को तीन से चार बच्चे पैदा करना चाहिए और इनमें से एक या दो बच्चों को भगवान राम की सेवा में भेज देना चाहिए।
बजरंगदल का दावा
इन दोनों कथावाचकों के इन्ही कथनों को बल देने के लिए अब बजरंग दल पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को एक मंच पर लाकर उनके विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। इस संबंध में बजरंग दल की ओर से दावा किया गया है कि, अगले महीने यानी 17 सितंबर को भोपाल में प्रस्तावित बंजरंग दल के हिंदू शौर्य जागरण सभा के दौरान मंच पर दोनों कथावाचकों को एक साथ लाने का प्रयास किया जा रहा है।
बजरंग दल द्वारा बांटे जाएंगे त्रिशूल
बता दें कि, 17 सितंबर को प्रस्तावित हिंदू शौर्य जागरण सभा के दौरान बजरंग दल द्वारा दोनों कथावाचकों की मौजूदगी में त्रिशूल वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही मध्य भारत प्रांत में 2 हिंदू शौर्य जागरण यात्रा भी निकाली जाएगी। बजरंग दल ने हिंदू शौर्य जागरण यात्रा में शामिल होने का दोनों कथा वाचकों को औपचारिक निमंत्रण देते हुए उम्मीद जताई है कि, दोनों कथावाचक इस दौरान एक मंच पर दिखेंगे।
Updated on:
16 Aug 2023, 1:07 PM IST
Published on:
16 Aug 2023, 1:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.