
भोपाल. कमला नगर इलाके में जालसाज ने ट्रैवल्स संचालक और मनी एक्सचेंज करने वाली कंपनी के एजेंट को दो लाख रुपए की चपत लगा दी। जालसाज ने डॉलर एक्सचेंज कराने के बहाने ट्रैवल्स संचालक को होटल का कर्मचारी बताते हुए सयाजी होटल बुलाया। इसके बाद रुपए लेकर गायब हो गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं, संदेही जालसाज होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है। घटना के बाद से होटल की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक रायल भगवान स्टेट गेहूंखेड़ा निवासी ३१ वर्षीय मयूर दासवानी आशा टूर एण्ड ट्रैवल्स के संचालक हैं। इसके अलावा मयूर दस नंबर स्टॉप स्थित मनी एक्सजेंज करने वाली एक्सीफोरेक्स कंपनी में एजेंट भी हैं। मयूर ने हाल ही में कमला नगर पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि 20 मई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। सामने वाले ने अपना नाम अभिषेक बताते हुए कहा कि वह होटल सयाजी से बात कर रहा है। इसके बाद उसने डॉलर एक्सचेंज के बारे में मयूर से जानकारी ली। भरोसे में लेने के लिए पांच सौ डॉलर एक्सचेंज करने की बात कही। मयूर इसके लिए तैयार हो गए। सांची रेस्टोरेंट में पांच सौ डॉलर देकर 33 हजार चार सौ रुपए ले लिए।
शाम को तीन हजार डॉलर बदले का दिया आर्डर
पांच सौ डालर देकर मयूर अपने दफ्तर पहुंचे ही थे कि जालसाज ने शाम को उन्हें फिर फोन लगाया। उसने बताया कि उसे तीन हजार डॉलर और बदलने हैं। 21 मई दोपहर करीब एक बजे मयूर फिर से सयाजी होटल पहुंचे। जहां अभिषेक उन्हें मिला और रेस्टोरेंट में लेकर पहुंचा।
दो लाख रुपए लेकर गेस्ट रूम में गया, फिर गायब
रेस्टोरेंट में अभिषेक ने मयूर से दो लाख रुपए यह कहते हुए ले लिए कि वह गेस्ट के रूम में जाकर क्लाइंट को रुपए देकर आता है। इसके बदले वह क्लाइंट से डॉलर लेकर आता है। करीब १० मिनट तक मयूर जालसाज का इंतजार करते रहे। उसका फोन भी बंद मिला। होटल के कर्मचारियों से अभिषेक के बारे में पूछा, तब पता चला कि वह होटल का कर्मचारी नहीं है। पुलिस फुटेज के साथ मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवा रही है।
Published on:
31 May 2018 07:15 am
