19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

माखन से भरी मटकी तोडऩे जुटेगी गोविंदाओं की टोली

-राजधानी में कान्हा के जन्मदिन को धूमधाम से मनाने की तैयारियां अंतिम चरण में

3 min read
Google source verification
news

कोलार स्थित बंजारी दशहरा मैदान में मटकी फोड़ प्रतियोगिता

भोपाल. जन्माष्टमी पर कान्हा के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाए जाने की तैयारियां जोर शोर से की जा रही है। 'नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, एवं हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैया लाल की के उद्घोष के साथ गोविंदाओं की टोली माखन से भरी मटकी को तोडऩे के लिए जोर आजमाइश करेंगी। राजधानी में कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाए जाता है।

राजधानी में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में प्रदेश की सबसे बड़ा मटकी फोड कार्यक्रम का आयोजन कोलार में किया जाएगा। कोलार हिन्दू उत्सव समिति की अगुआई में चार सितंबर को बंजारी स्थित दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन में विजेता टीम को डेढ़ लाख की राशि बतौर पुरस्कार दी जाएगी, साथ ही इस आयोजन में भागीदारी करने वाली सभी टीमों को सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।

कोलार हिन्दू उत्सव समिति के मीडिया प्रभारी संजीव मिश्रा के मुताबिक इस बार यहां गोविंदाओं की टोली101 फीट ऊंची मटकी को तोडऩे के लिए जोर आजमाइश करेंगी। पचास हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी में ये आयोजन होगा। इसी तरह पुराने भोपाल में पारंपरिक तरीके से जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा।

जहांगीराबाद और मंगलवारा में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोनों ही स्थानों पर 25 से तीस फीट ऊंची मटकी तोडऩे के लिए राजधानी समेत आष्टा एवं सीहोर से आने वाली गोविंदाओं की टोलियां प्रयास करेंगी। जन्माष्टमी पर मंदिरो में विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। इसके लिए मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की जा रही है।

आतिशबाजी का विशेष आयोजन
कोलार स्थित बंजारी दशहरा मैदान में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां चार से12 वर्ष तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस कॉम्पटीशन आयोजित होगा। इसके साथ ही देश एवं विदेश के नामी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी। इस प्रतियोगिता के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


मटकी तोडऩे के लिए जोर आजमाइश
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में जहांगीराबाद चौराहे पर दो अगस्त को मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति संयोजक सतीश अहेलिया ने बताया कि इस वर्ष यहां तीस फीट ऊंची मटकी तोडऩे के लिए जबलपुर, सीहोर एवं आष्टा से गोविंदाओं की टोली आएंगी। कार्यक्रम में चालीस समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा। मंगलवारा में श्री हिंदू एकता मंच के सहयोग से सात सितंबर को मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मंच के अध्यक्ष तरुण प्रजापति एवं सचिव शुभम जैन ने बताया कि विजेता टीम को 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

स्पोट्र्स की थीम पर मनेगी जन्माष्टमी
नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम में इस वर्ष स्पोट्र्स थीम पर जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। तीन सितंबर को आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न मुद्राओं मसलन क्रिकेट, गिल्ली-डंडा समेत विभिन्न खेल खेलते हुए पोस्टर्स लगाए जाएंगे। यहां १४ वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसे बाल गोविंद उत्सव नाम दिया गया है। आश्रम के सदस्य अजय कोतवाल ने बताया कि बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बनाए रखने के लिए इस वर्ष स्पोट्र्स थीम पर जन्माष्टमी उत्सव मनाया जाएगा।


...यहां गोपियां तोड़ती हैं मटकी
कोलार के सर्वधर्म स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में पिछले पांच बरस से मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस आयोजन की खास बात है कि यहां मटकी तोडऩे के लिए लड़कियां जोर आजमाइश करती हैं। अपनाघर की संचालिका माधुरी मिश्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य यह बताना है कि लड़कियां किसी भी कार्य में पीछे नहीं हंै। इस प्रतियोगिता में सौ से अधिक लड़कियां भागीदारी करती हैं।

नवयुवक सभा भवन में आकर्षक झांकी
संत हिरदाराम नगर स्थित नवयुवक सभा भवन में हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण की भव्य झांकी लगाई जाएगी। यहां बच्चों द्वारा आकर्षक रांगोली बनाने के साथ ही पूर्ण पूजा पाठ एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह संस्कार स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को दर्शाती झांकी बनाई जाएगी। यहां बच्चों के लिए कई मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित होंगे।