
बड़ी खबर : सतपुड़ा भवन में लगी भीषण आग, अहम दस्तावेजों के साथ फर्नीचर जलकर खाक
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित स्वास्थ्य संचालनालय कार्यालय में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि, इस भीषण आग में विभाग से जुड़े कई अहम दस्तावेज जलकर खाक हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आग सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर लगी है। इसी मंजिल पर मध्य प्रदेश स्वास्थ्य संचालनालय का कार्यालय है। आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।
देखते ही देखते आग ने धारण कर लिया विकराल रूप
आदिम जाति कल्याण विभाग के दफ्तर में आग लगने के बाद उसने विकराल रूप ले लिया। तत्काल इमारत में स्थित अन्य दफ्तरों को भी खाली कराया गया। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्वास्थ्य विभाग का संचालनालय भी इसी बिल्डिंग में है, जिसके महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट होने की सूचना है। फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां आग बुझाने में लग गई हैं।
कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक !
सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर ही स्वास्थ्य विभाग के एकाधिक कार्यालय संचालित होते हैं। बताया जाता है कि, आग शाम करीब 4 बजे लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड का का दस्ता मौके पर पहुंच गया है। आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राहत की बात ये है कि, अबतक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। सूत्रों की मानें तो एसी में ब्लास्ट होने से आग लगने की वजह बताई जा रही है। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, आग लगने के कारण कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक होने की खबर सामने आ रही है। बता दें कि, इसी बिल्डिंग में चौथी और पांचवी मंजिल पर हेल्थ डायरेक्ट्रोरेट भी है।
Updated on:
13 Jun 2023, 6:56 AM IST
Published on:
12 Jun 2023, 5:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.