भोपाल. एटीएम में धोखाधड़ी कर बैंक को चूना लगाने वाले गिरोह को हबीबगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये लोग कैश शटर पर अंगूठा लगाकर रोक देते थे। ऐसे में रुपया बाहर निकल जाता था और बैंक रिकॉर्ड में ट्रांजेक्शन फेल बताता था। इसी का फायदा उठाते हुए इन लोगों ने यूको बैंक को 29 हजार 500 रु. का चूना लगा दिया। हबीबगंज थाने में यूको बैंक के प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने दो दिन पहले शिकायत की थी कि एटीएम में छेड़छाड़ कर कुछ युवक रुपए निकाल लिए और बैंक से क्लेम भी ले लिया। फुटेज के माध्यम से पुलिस को इस गिरोह के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने सोमवार को रेलवे कोच फैक्ट्री निवासी कृष्ण प्रताप पिता कल्याण सिंह राजपूत (22),कालपी (यूपी) वर्तमान रेलवे कोच फैक्ट्री निवासी कपिल पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा (21) और अमित मेहरा उर्फ निक्की (23) को गिरफ्तार कर लिया।