
भोपाल। लाड़ली बहना योजना के आवेदन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से लिए जाएंगे। इसमें लाड़ली बहनों को एक-एक हजार रुपए हर महीने दिए जाएंगे। योजना में हर साल 12 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह ऐलान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को विदिशा में किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से किसान कल्याण योजना की राशि ट्रांसफर करने के समारोह में किया। शिवराज ने कहा, सरकार गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लाड़ली बहना के आवेदन भरवाएगी। इससे महिलाओं को उनका परिवार मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
पूरी होंगी जरूरतें
शिवराज ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं की जिंदगी संवारेगी। योजना में मिलने वाली राशि से महिलाएं अपने बच्चों के लिए दूध, फल और सब्जी की व्यवस्था कर सकेगी।
कार्यक्रम में 3 महत्वपूर्ण काम
-24.94 लाख हितग्राहियों को मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के मंजूरी पत्र दिए। ये हितग्राही भोपाल, सागर और उज्जैन संभाग के थे।
- 73 लाख किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना के 1465 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए।
- 80 करोड़ 95 लाख 21 हजार के क्षेत्रीय विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया।
किसानों को दिए 2.25 लाख करोड़
सरकार ने दो साल में किसानों को विभिन्न योजनाओं में 2 लाख 25 हजार 837 करोड़ रुपए दिए हैं। सीएम ने कहा, पूर्व सरकार ने किसानों के साथ जो छल किया, उसे सुधार करते हुए हमने सरकार में आते ही फसल बीमा की राशि भरी और किसानों को फसल बीमा की राशि दिलाई।
घर-घर जाकर पूछ रही सरकार: वीडी शर्मा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, एक समय था जब लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। आज हमारी सरकार में व्यक्ति को घर-घर जाकर पूछा जा रहा है कि उन्हें लाभ मिला या नहीं। कार्यक्रम में वर्चुअल तरीके से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश विकास के मार्ग पर चल पड़ा है। मध्यप्रदेश की सरकार गांव, गरीब और किसान को समर्पित है।
कांग्रेस सरकार पर निशाना
शिवराज ने कहा, पहले की सरकार ने हमारी बहुत सी जन-कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया था। अब सभी योजनाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं। उन्होनें कहा कि जो कहीं नहीं हुआ, वह मध्यप्रदेश में हुआ है और जो किसी ने नहीं किया वह आपका भाई शिवराज करेगा।
ये भी बोले सीएम शिवराज
- 6000 रुपए पीएम किसान सम्मान निधि में दे रहे।
- 4000 रुपए सीएम किसान-कल्याण योजना में दे रहे।
- 12 हजार रुपए अब लाड़ली बहना को मिलेंगे।
- 22 हजार रुपए इस तरह किसान परिवार को मिलेंगे।
83 लाख नए हितग्राही जोड़े
शिवराज ने कहा, मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान से प्रदेश में 83 लाख ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित किया गया, जो सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता रखते हैं। इन सभी को 38 विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने स्वीकृति-पत्र वितरण का काम प्रदेश में चल रहा है। शुक्रवार को भोपाल, सागर और उज्जैन संभाग के 24 लाख 94 हजार से अधिक हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र प्रदान किया गया।
Updated on:
03 Feb 2023 08:38 pm
Published on:
03 Feb 2023 08:29 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
