
लंबे समय से नहीं हुई स्कूल की मरम्मत, हालात बदत्तर
भोपाल/सूरज नगर. राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा करोड़ों रुपए की लागत से तमाम कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का दावा किया जाता है, जिससे नौनिहालों को बेहतर शिक्षा एवं इसके लिए जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें, पर राजधानी में अधिकतर सरकारी स्कूल इन सुविधाओं से महरूम हैं।
वार्ड 26 स्थित सूरज नगर का शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल का भवन देख रेख के अभाव में जर्जर हो चुका है। गौरतलब है कि वर्ष 2003 में शुरू किए गए इस स्कूल को वर्ष 2013 में हायर सेकंडरी का दर्जा तो दे दिया गया, पर इसके लिए जरूरी सुविधाएं यहां मुहैया नहीं कराई गईं। जिसके चलते बच्चों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस भवन में अभी भी दस ही कक्ष हैं। जबकि यहां 12वीं तक कक्षाएं लगाई जाती हैं। मरम्मत नहीं होने से स्कूल भवन जर्जर हो गया है। छतों से रिसता पानी और दीवारों पर आई दरारों के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। इस स्कूल में 750 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
वार्ड 47 के कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर जमा हो रहा पानी
नगर निगम द्वारा शहर को स्व‘छ बनाए रखने के लिए तमाम व्यवस्थाओं को बेहतर करने का दावा किया जाता है, पर इनका लाभ आमजन तक नहीं पहुंच रहा है। नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी का आलम ये है कि वार्ड 47 के कार्यालय के सामने ही मुख्य मार्ग पर जलभराव हो रहा है।
ये स्थिति तब है जब इस वार्ड कार्यालय में पार्षद समेत एएचओ एवं नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद इस जलभराव से मुक्ति नहीं मिल सकी है। इसके कारण वाहन चालकों को खासी समस्या का सामना करना पड़ता है। रहवासियों के मुताबिक मुख्य मार्ग के दोनों ओर बनाई गई नालियों की स्थिति बदतर है, जिसके कारण पानी सडक़ पर बहता है। बारिश में यहां स्थिति और भी खराब हो जाती है।
Published on:
5 Sep 2018, 3:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.