
Half a dozen students from Guna secure merit positions in MP Board results
MP Board Result- माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12 वीं और कक्षा 10 वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें गुना जिले के परीक्षार्थियों ने कमाल कर दिखाया है। बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश की मेरिट लिस्ट में जिले के आधा दर्जन स्टूडेंट शामिल हैं। इस लिस्ट में सांदीपनि स्कूल फतेहगढ़ की गायत्री और कृष्णा ने छठवीं रैंक हासिल की जबकि वाणी ने पांचवीं रेंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। कक्षा 12 में जिले का परीक्षा परिणाम 78.73 फीसदी रहा जबकि कक्षा दसवीं की परीक्षा का परिणाम 68.09 प्रतिशत रहा।
बोर्ड की कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणाम में सांदीपनि स्कूल फतेहगढ़ की छात्रा गायत्री राजपूत ने कृषि संकाय में 484 अंक पाकर प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया है। इसी विद्यालय की दूसरी छात्रा कृष्णा धाकड़ ने भी 484 अंक पाकर कृषि संकाय में प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया है।
गुना के प्रेसीडेंसी स्कूल की वाणी बंसल ने प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने गणित संकाय में प्रदेश में पांचवा स्थान प्राप्त किया है। वाणी बंसल को 488 अंक प्राप्त हुए हैं। इस बार कक्षा 12 वीं में तीन छात्राओं और कक्षा दसवीं में दो छात्रों ने प्रदेश की टॉप लिस्ट में स्थान पाया है।
कक्षा दसवीं में जिले के दो छात्र सांई कान्वेंट के छात्र वेद रघुवंशी और एसएल मेमोरियल स्कूल के छात्र नितिन जाट ने 495-495 अंक पाकर प्रदेश में पांचवा स्थान प्राप्त किया है। शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय क्रमांक एक की छात्रा आर्या शर्मा ने 491 अंक पाकर प्रदेश की टॉप सूची में नौवां स्थान पाया है।
इसके साथ-साथ गुना जिले में कक्षा 12 वीं का सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम निजी विद्यालयों की अपेक्षा काफी ठीक रहा। सरकारी स्कूलों के 81.01 प्रतिशत और प्राइवेट स्कूलों के 75 फीसदी छात्र पास हुए। वहीं कक्षा दसवीं में सरकारी स्कूलों के 71.48 फीसदी और प्राइवेट स्कूलोंं के 65 फीसदी छात्र पास हुए।
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को समत्व भवन, भोपाल से एमपी बोर्ड की कक्षा 10वीं, 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए। परिणाम 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे जारी किए गए। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न वेबसाइटों पर परिणाम देखने की व्यवस्था की गई है।
Updated on:
15 Apr 2026 01:57 pm
Published on:
15 Apr 2026 01:21 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
