
नवरात्र के बाद भी बरकरार रहेगा पर्वों का उत्साह
भोपाल. देश-प्रदेश की तरह इन दिनों शहर में भी नवरात्र उत्सव का उत्साह दिख रहा है। पर्वों का यह उत्साह इस बार आगे भी बरकरार रहेगा। आने वाले दिनों में शहरवासियों द्वारा आराध्य देवताओं का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान रामनवमी यानि भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव, अहिंसा के प्रणेता स्वामी महावीर का जन्मोत्सव और हनुमान जन्मोत्सव की धूम रहेगी। भगवान हनुमान जन्मोत्सव पर यानि 6 अप्रेल को तो शहर में जगह-जगह कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शहर में 20 से अधिक स्थानों से ध्वज यात्रा या शोभायात्रा निकाली जाएगी। खास बात यह है कि इस दौरान कई जगहों पर हनुमानजी को सोना चांदी से सजाया जाएगा।
3 3 अप्रेल को महावीर जन्मोत्सव पर निकलेगी शोभायात्रा
भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव 3 अप्रेल को मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर के जैन मंदिरों में विभिन्न धार्मिक विधान होंगे। शहर के चौक जैन मंदिर से आकर्षक शोभायात्रा निकलेगी। इसके पहले 2 अप्रेल को भी अनेक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर, मूक प्राणियों के लिए सकोरा वितरण सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जन्मोत्सव के मौके पर जैन मंदिरों में भगवान महावीर का अभिषेक, पूजन सहित धार्मिक विधान होंगे। मंदिरों में पालना झुलावन की क्रियाएं होगी।
सोने चांदी से होगा हनुमानजी का शृंंगार
6 अप्रेल को हनुमान जयंती मनायी जाएगी। भगवान हनुमान के जन्मोत्सव का यह पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर में जगह जगह भंडारों का भी आयोजन होगा। जानकारी के अनुसार शहर में 20 से अधिक स्थानों से ध्वज यात्रा या शोभायात्रा निकाली जाएगी। हनुमान मंदिरों में हनुमानजी को चोला अर्पित किया जाएगा। मंदिरों में सुबह से ही भगवान हनुमान का सिंदूर से अभिषेक किया जाएगा और उन्हें सोना चांदी से सजाया जाएगा. हनुमानजी का सोने चांदी के वर्क से श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिरों में रामचरित मानस पाठ, सुंदरकांड पाठ सहित अनेक आयोजन होंगे। महाआरती के साथ शहर में अनेक स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया जाएगा।
Published on:
28 Mar 2023 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
