भोपाल

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर भड़के गृहमंत्री, तो कभी किया तंज

सोमवार सुबह मीडिया को संबोधित करते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर भड़कते दिखे। तो वहीं उन्होंने 27 जून को एमपी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के मुद्दे पर भी बात की

4 min read
Jun 26, 2023

भोपाल। सोमवार सुबह मीडिया को संबोधित करते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर भड़कते दिखे। तो वहीं उन्होंने 27 जून को एमपी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के मुद्दे पर भी बात की, यहां जानें आज गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा क्यों भड़के...और किन मुद्दों पर बात की...

1. गौरक्षकों के लिए अमर्यादित बयान पर सियासत गरमाई...
हाल ही में कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के बेटे प्रियांक खडग़े द्वारा गौरक्षकों के संबंध में दिए गए अमर्यादित बयान पर मप्र में सियासत गरमा गई। प्रदेश के गृमंत्री और सरकार के प्रवक्ता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को एक पत्र लिखकर पूछा है कि उन्हें स्पष्ट बताना चाहिए कि वे प्रियांक खडग़े के बयान से सहमत हैं या नहीं?

कमलनाथ से मांगा जवाब
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस की कर्नाटक में एक सरकार बनी है, वहां पहले बेटियों के विषय में विधेयक आया, अब गौरक्षकों, गौसेवकों के बारे में सरकार के कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के बेटे प्रियांक खडग़े ने अमर्यादित टिप्पणी की है। अब मप्र कांग्रेस अध्यक्ष के नाते कमलनाथ जी को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि वो प्रियांक खडग़े के बयान से सहमत हैं या नहीं? क्योंकि वे तो मध्य प्रदेश में बहुत गौशाला खोलने की बात करते थे, खुद को गौसेवक कहते थे। अब उन्हें अपनी राय बतानी चाहिए।

जानें किस बयान पर भड़के गृहमंत्री
आपको बता दें कि कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार के कैबिनेट मंत्री ने प्रदेश के कलबुर्गी जिले में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा जा रहा है कि इस बैठक में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो लोग शॉल ओढ़कर कानून अपने हाथ में लेते हैं और कहते हैं कि वो इस दल से हैं, उस दल से हैं तो, उन्हें लात मारकर सलाखों के पीछे डाल देना चाहिए। हालांकि इस बयान में मंत्री खडग़े ने किसी दल का नाम नहीं लिया लेकिन, भाजपा ये मानकर चल रही है कि कर्नाटक के मंत्री का इशारा गौसेवकों, गौरक्षकों की तरफ था। आपको बता दें कि इस बयान से पहले कर्नाटक के पशुपालन मंत्री वेंकटेश गाय काटने की वकालत कर चुके हैं। उन्होंने हाल ही में 4 जून को कहा था कि भाजपा सरकार द्वारा लाए गए विधेयक में भैंस और भैंसा का वध करने की अनुमति है लेकिन, गौ हत्या पर रोक थी। जब भैंस, भैंसा काटा जा सकता है तो गाय क्यों नहीं?

पोस्टर विवाद को बताया भीतरकलह
नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर के सवाल पर कहा कि कल गोविंद सिंह ने भी रिपोर्ट लिखाई है कि उनको फोन पर किसी ने राहुल गांधी का नाम लेकर बुलाया है, जब पोस्टर लगे थे तभी हमने कहा था एक-दूसरे को परेशान करने का क्रम चल रहा है, ये सब कांग्रेस की अंतरकलह है जो बाहर आ रही है।

कमलनाथ के बयान पर कसा तंज
भाजपा नेताओं के संपर्क में होने वाले कमलनाथ के बयान पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कसा तंज, बोले जब सरकार में थे, तब भी कहते थे कि भाजपा के कई विधायक उनके संपर्क में हैं और खुद की सरकार खो बैठे थे। कहीं ऐसा ना हो यह कहते-कहते कांग्रेस के विधायक ही चले जाएं।

दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य सभा सदस्य दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह बालमुकुंद गोविंद की सजा पर सवाल उठा रहे हैं क्योंकि, उनकी ऐसी आदत है। वे संवैधानिक संस्थाओं पर, न्यायालय पर, सेना पर सवाल उठाते हैं, चुनाव हार जाते हैं तो ईवीएम पर और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाते हैं, देश का मान घटे, संवैधानिक संस्थाओं का मान घटे दिग्विजय सिंह हमेशा ऐसा काम करते हैं, दिग्विजय सिंह को पीएफआई और जाकिर नाइक सही लगते हैं।

पीएम की सुरक्षा पर कही ये बात
नरोत्तम मिश्रा ने पीएक की सुरक्षा के बारे में पूछने पर बताया कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा आज भोपाल आ रहे हैं, हम सब उनके स्वागत के लिए आतुर हैं, भाजपा का हर एक कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए तैयार है, उन्होंने बताया कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं, उनका भोपाल और शहडोल में विस्तृत कार्यक्रम है। वे ट्रांजिट विजिट पर जबलपुर भी पहुंचेंगे। उन्होंने पीएम मोदी को वैश्विक नेता बताते हुए कहा कि मोदी जी ने भारत का मान दुनिया में बढ़ाया है, उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, 40 आइपीएस अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, एडिशनल एसपी, डीएसपी स्तर के 100 अधिकारी तैनात रहेंगे और 8000 जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।

Updated on:
26 Jun 2023 04:13 pm
Published on:
26 Jun 2023 03:39 pm
Also Read
View All

अगली खबर