3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हाउसिंग फॉर ऑल के 12 नंबर प्रोजेक्ट में करंट लगने से कर्मचारी की मौत

सुरक्षा ताक पर, एक महीने में दूसरी घटना  

2 min read
Google source verification
housing for all bhopal latest news

हाउसिंग फॉर ऑल के 12 नंबर प्रोजेक्ट में करंट लगने से कर्मचारी की मौत

भोपाल. हाउसिंग फॉर ऑल प्रोजेक्ट में सुरक्षा मानकों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। यही वजह है कि यहां एक बार फिर कर्मचारी की दुर्घटना से मृत्यु हो गई। पेटी कांट्रेक्टर मोहम्मद मुस्तफा कर्मचारी संतोष को करंट का झटका लगने से उसकी मौत हो गई। वह बिलासपुर का रहने वाला था। बीते एक महीने में दूसरी घटना है। इससे पहले एक पेटी कांट्रेक्टर की सेंटिंग से गिरने से मृत्यु हुई थी। इस मामले में भी निगम प्रशासन ने पुलिस में एफआइआर दर्ज कराने में काफी हीला हवाली की थी। जब मृतक के परिजनों और अन्य लोगों ने दबाव बनाया तो भी कमजोर धाराओं में मामला दर्ज करवाया, जिससे इस प्रोजेक्ट की मुख्य निर्माण एजेंसी पर कोई बड़ी कारवाई ना हो। पत्रिका ने यहां सुरक्षा का मुद्दा पहले भी उठाया था। कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों से लेकर तय मानकों के आधार पर काम कराने की यहां कोई व्यवस्था नहीं है। निर्माण एजेंसी ने भी कोई व्यवस्था नहीं की है। हाउस फॉर ऑल शाखा के इंजीनियर भी देखने तक नहीं पहुंचते हैं।

गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट का निर्माण लगातार लेटलतीफी में उलझा हुआ है। मार्च 2021 तक इस प्रोजेक्ट के आवासों का हितग्राहियों के लिए आवंटन शुरू कर देना चाहिए था, लेकिन अब तक 30 फीसदी ही निर्माण हो पाया है। हाल में निगमायुक्त केवीएस चौधरी ने यहां पर निरीक्षण किया था। निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। पेनल्टी भी लगाई थी, बावजूद इसके स्थितियां नहीं सुधरी। काम जल्दबाजी में करने के चक्कर में कर्मचारियों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में लोगों ने 20 से 22 लाख रुपए के मकान बुक करवा रखे हैं। वह इसके लिए हर माह 20 हजार रुपए तक की बैंक लोन की किस्त जमा कर रहे हैं उन्हें भी समय पर आवास मिलने की उम्मीद नहीं लग रही।

सुरक्षा को लेकर हम स्थितियां दिखाएंगे। वैसे निगम की टीम लगातार निरीक्षण कर रही हैं और समय-समय पर निर्देश जारी कर रहे हैं। काम समय पर पूरा कराने की कोशिश की जा रही है।
- कविंद्र कियावत, प्रशासक, नगर निगम