
बदस्तूर जारी है अवैध पार्किंग का ‘खेल’
भोपाल. राजधानी की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए नगर निगम एवं ट्रैफिक पुलिस द्वारा तमाम उपाय किए जाने का दावा किया जाता है, पर पार्किंग की कमी ने इन उपायों पर तकरीबन पानी फेर दिया है। हालांकि नगर निगम ने राजधानी में जगह-जगह पार्किंग स्टैंड बनाए हैं, पर मॉनीटरिंग के अभाव में यहां कहें कि मिलीभगत के चलते यहां वाहनों की मौजूदगी कम रहती है, वहीं दूसरी ओर सडक़ों पर वाहनों की कतारें लगती हैं।
नगर निगम की अनदेखी का फायदा उठाकर राजधानी के कई मुख्य मार्गों एवं बाजारों में अवैध रूप से वाहन पार्किंग शुल्क की वसूली की जा रही है। शिकायत के बावजूद नगर निगम द्वारा इन अवैध पार्किंग स्टैंड के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।
बगैर सेंटिंग के वसूली संभव नहीं
दस नंबर मार्केट समेत एमपी नगर एवं बिट्टन मार्केट के हाट बाजार में अवैध पार्किंग शुल्क वसूली का खेल बदस्तूर जारी है। सूत्रों की मानें तो इस खेल में स्थानीय नेता एवं नगर निगम अधिकारियों की मिलीभगत है। ऐसा नहीं है कि यहां आने वाले नगर-निगम समेत अन्य सरकारी महकमों के अधिकारियों की इसकी जानकारी नहीं है, पर सभी सब कुछ जानकर अनजान बने हुए है, वहीं अवैध पार्किंग के कारण आम लोगों से मनमानी वसूली की जा रही है।
कार्रवाई का भी डर नहीं
कुछ दिनों पूर्व न्यू मार्केट में अवैध रूप से पार्किंग शुल्क की वसूली करते हुए एक युवक को एक भाजपा नेता ने पुलिस के हवाले किया था। इसके बावजूद भी यहां वसूली जारी है। इसी तरह सप्ताहभर पहले एमपी नगर स्थित गुरुदेव गप्त चौराहे के आसपास पार्किंग की अवैध वसूली करने वाले एक युवक को ट्रैफिक डीएसपी मधुकर चौकीकर ने पकड़ा था। सूत्रों की मानें तो अवैध वसूली करने वालों को पुलिस कार्रवाई का भय नहीं है।
यहां की जा रही अवैध वसूली
बिट्टन मार्केट हाट बाजार, दस नंबर मार्केट एवं एमपी नगर जोन एक में कई जगह पार्किंग के ठेके नहीं किए गए हैं। ऐसे में असामाजिक तत्वों द्वारा नियमो को ताक पर रखकर पार्किंग शुल्क की वसूली की जा रही है। खास बात है कि यहां बाकायदा वाहन चालकों को नगर निगम की पर्ची तक दी जाती है। हालांकि शिकायत के बाद भी पुलिस इनके खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम साबित हुई है।
जिन क्षेत्रों में अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने की शिकायत आई थी, वहां कार्रवाई की गई है। जल्द ही ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाएगी।
मधुकर चौकीकर, डीएसपी ट्रैफिक पुलिस
Published on:
10 Sep 2018, 9:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.