
फोटो बीजेपी
भोपाल। लोकसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मध्यप्रदेश भाजपा के लिए काफी अहम बना हुआ है। इसी के चलते यहां के प्रत्याशियों के चयन को लेकर भाजपा फूंक-फूंक कर कदम उठाती दिख रही है।
इसके साथ ही अपने कई पुराने गढ़ों में भाजपा ने अब तक अपने प्रत्याशी तक घोषित नहीं किए हैं। एक ओर जहां भोपाल से कांग्रेस की ओर से दिग्विजय की दावेदारी के कारण सूत्रों के अनुसार भाजपा को अपना प्लान बदलना पड़ा है। जिसके बाद भोपाल से शिवराज सिंह का नाम सुर्खियों में बना हुआ है।
वहीं दूसरी ओर अपने इंदौर के गढ़ को बचाने के लिए भी बीजेपी की ओर से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। ऐसे में चर्चा है कि इंदौर लोकसभा सीट से 'ताई' सुमित्रा महाजन का टिकट भी कट सकता है। वहीं उनकी जगह भाजपा किसी दिग्गज नेता को उतारने के मूड में दिख रही है।
'ताई' से बात करने की जिम्मेदारी!...
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार 'ताई' सुमित्रा महाजन का टिकट कटने की बड़ी वजह उम्र को माना जा रहा है। चर्चा है कि पार्टी की तरफ से ताई से बात करने की जिम्मेदारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह को सौंपी गई है।
इसके तहत इंदौर के नए नाम को लेकर ताई से चर्चा होगी। लेकिन यदि सुझाए गए पुराने कद्दावर नेताओं के नाम पर सहमति नहीं बनी तो पार्टी इंदौर से किसी नए चेहरे को भी मैदान में उतार सकती है।
बताया जाता है कि दिग्गज भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय और वर्तमान विधायक व मेयर मालिनी गौर का नाम इंदौर लोकसभा सीट को लेकर चर्चा में है।
जानिये इनके बारे में...
1. कैलाश विजयवर्गीय मध्यप्रदेश के दिग्गज भाजपा नेता हैं। इनके पुत्र आकाश विजयवर्गीय इंदौर- 3 से भाजपा की टिकट पर विधायक चुने गए हैं। कैलाश विजयवर्गीय लगातार छह बार विधानसभा सदस्य भी रहे हैं। इसके अलावा वे इंदौर के मेयर भी रहे हैं।
2. मालिनी गौर वर्तमान में इंदौर- 4 विधानसभा सीट से विधायक के साथ शहर की मेयर भी हैं। यह मध्यप्रदेश के पूर्व उच्च शिक्षामंत्री रहे दिवंगत लक्ष्मण सिंह गौर की पत्नी है। जिनकी साल 2008 में देवास के पास एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
भोपाल से शिवराज अभी कंफर्म नहीं!...
चर्चा है कि रविवार को दिल्ली में शिवराज के नाम पर चर्चा भी हुई। कहा जा रहा है कि यदि शिवराज अपनी पुरानी सीट विदिशा चले जाते हैं जहां से वह पहले भी सांसद रहे हैं तो पार्टी वर्तमान सांसद आलोक संजर, वीडी शर्मा या आलोक शर्मा पर दांव खेल सकती है।
कुल मिलाकर इंदौर और भोपाल लोकसभा सीट से प्रत्याशियों पर अंतिम फैसला भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति करेगी।
यहां भी फंसी है भाजपा...
बताया जाता है कि इसके अलावा ग्वालियर लोकसभा सीट पर भी टिकट के तीन दावेदारों को लेकर पेंच फंसा हुआ है। इसमें मुरैना सांसद अनूप मिश्र, महापौर विवेक शेजवलकर और पूर्व मंत्री माया सिंह शामिल हैं।
Published on:
25 Mar 2019 05:07 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
