
भोपाल। प्रदेश सरकार जापान, चीन और कोरिया के निवेशकों को मल्टी-प्रोडक्ट इंडस्ट्री लगाने के लिए जमीन देगी। इसका प्रस्ताव सोमवार को कैबिनेट बैठक में लाया जाएगा। इसमें स्मार्ट इंडस्ट्रीयल पार्क के लिए 397.20 हेक्टेयर जमीन इंदौर के समीप पीथमपुर में दी जाएगी। इस इंडस्ट्रीयल पार्क में दक्षिण-पूर्व के एशियाई देशों की कंपनियां निवेश करेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक ढाई दर्जन प्रस्ताव लाए जाएंगे।
प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए चुनावी साल में सरकार एशियाई कंपनियों को जमीन मुहैया कराएगी। नेट्रीप से वापस ली गई जमीन पर इन कंपनियों को निवेश करने का मौका दिया जाएगा। इसके अलावा दूसरे निवेशकों के लिए विकास शुल्क माफ करने का प्रस्ताव भी शामिल हैं। इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक भूमि एवं भवन प्रबंधन नियम 2015 में संशोधन किया जाएगा। इसमें हस्तांतरण प्रकरणों में विकास शुल्क माफ किया जाएगा। इसके अलावा 14 औद्योगिक विकास कार्य की परियोजनाओं को मंजूरी और मेक इन मध्यप्रदेश कैम्पेन के लिए सीआईआई को नेशनल पार्टनर बनाने का प्रस्ताव भी आएगा।
ये भी प्रस्ताव आएंगे
न्यू डेवलपमेंट बैंक की सहायता से सड़कों के निर्माण, मध्यप्रदेश कराधान संशोधन अध्यादेश 2018 में वन विकास उपकर को समाप्त करना, पोषण आहार आपूर्ति के लिए महिला स्व-सहायता समूहों को तीन लाख रुपए तक बैंक कर्ज पर तीन प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज अनुदान राज्य सरकार द्वारा देना, स्व-सहायता समूह संवर्धन नीति 2007 में संशोधन सहित अन्य प्रस्ताव।
इंटेलीजेंस ने कहा- अलर्ट रहें सभी आइजी और एसपी
दो से 10 जून तक सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों पर किसान आंदोलन को लेकर मैसेज चल रहे हैं। इसको देखते हुए सरकार और इंटेलीजेंस की नींद उड़ी हुई है। इंटेलीजेंस आइजी मकरंद देउस्कर ने सभी जिले के आइजी-एसपी को जमीनी स्तर पर रिपोर्ट तैयार कर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, पिछले साल जून 2017 में मंदसौर में हुए किसान आंदोलन के दौरान छह किसान मारे गए थे।
दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान हिंसा में नौ लोगों की मौत हो गई थी। अब इंटेलीजेंस ने कड़े शब्दों में कहा है कि किसान आंदोलन को हल्के में न लें। सोशल मीडिया पर निगाह रखें। जमीनी स्तर पर रिपोर्ट तैयार करें। किसान बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में हैं। कितनी भीड़ होगी, आंदोलन के लिए कौन इन्हें उकसा रहे हैं। सबकी रिपोर्ट तैयार करें।
Published on:
23 Apr 2018 03:55 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
