
भोपाल/ मध्यप्रदेश में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शपथ लेते ही काम शुरू कर दिया है। वह कोरोना से निपटने के लिए एक्शन में हैं। शिवराज के शपथ समारोह में पूर्व सीएम कमलनाथ भी मौजूद रहे थे। शपथ के अगले दिन शिवराज सिंह चौहान, पूर्व सीएम कमलनाथ से मिलने के बाद उनके आवास पर गए। दोनों के बीच कुछ देर तक बंद कमरे में बातचीत हुई।
वहीं, शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के कुछ घंटे बाद ही पूर्व सीएम कमलनाथ ने कोरोना को लेकर सरकार पर बड़ा वॉर किया है। साथ ही कर्फ्यू में फ्लोर टेस्ट को लेकर भी सवाल खड़ा किया है। उन्होंने ट्वीट के जरिए शिवराज सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए हैं।
कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा है कि एक तरफ कोरोना वायरस को लेकर सुरक्षा और सावधानी के लिए गए तमाम निर्णय, प्रदेश में भी लॉक डाउन, कर्फ्यू जैसे निर्णय हैं। वहीं, दूसरी तरफ शिवराज सरकार द्वारा खुद के निर्णयों का उल्लंघन कर कर्फ्यू में भी विधानसभा का सत्र आज बुलाने का देर रात में लिया गया निर्णय समझ से परे।
कमलनाथ ने दूसरे ट्वीट में लिखा कि विश्वास मत हासिल करने के लिए समय था, आखिर इतनी जल्दबाजी क्यों। कोरोना से बचाव के लिए यह दोहरे मापदंड क्यों? जनता के लिए नियमों के पालन की सख्ती और खुद उल्लंघन पर उल्लंघन? अभी तो एक दिन ही हुआ है, कहेंगे कुछ करेंगे कुछ...
गौरतलब है कि विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, इस दौरान कांग्रेस का एक भी विधायक सदन में नहीं पहुंचा। जबकि सदन में उपस्थित निर्दलीय, सपा और बीएसपी के विधायकों ने सरकार का समर्थन किया है।
Updated on:
24 Mar 2020, 3:00 PM IST
Published on:
24 Mar 2020, 2:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.