
किकी चेलैंज: डांस फ्लोर पर नहीं जान के खतरे के बीच सड़क पर पूरा होता है ये चेलैंज!
भोपाल। सोशल मीडिया पर एक दूसरे को चैलेंज देना इन दिनों ट्रेंड में है। हाल ही में फिटनेस चैलेंज काफी चर्चा में रहा था, इससे पहले आइस बकेट चैलेंज आया था जिसमें बर्फ से भरी बाल्टी को अपने सिर पर उड़ेलनी थी।
फिर ब्लू व्हेल चैलेंज भी आया जिसने भारत समेत दुनियाभर में कई बच्चों की जान ले ली और अब सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है किकी चैलेंज...
यह चेलैंज कैनेडियन हिप हॉप सुपरस्टार ड्रेक के लेटेस्ट एल्बम स्कॉर्पियन के हिट सॉन्ग 'इन माय फीलिंग' पर शुरू हुआ 'किकी चैलेंज' इन दिनों दुनियाभर में वायरल हो रहा है।
जिसके बाद सेलेब्रिटीज से लेकर आम लोग इस चैलेंज को पूरा करने की कोशिश में लगे हैं।
इस किकी चैलेंज के संबंध में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एएसपी ट्रैफिक महेन्द्र जैन कहते हैं कि मेरा मानना है कि इस तरह की हरकत करने वाले मानसिक रोगी की श्रेणी में आते हैं, अपने गलत आचरण से वे खुद को जनता की निगाहों में लाने की कोशिश करते हैं असल में वे कुंठित हैं।
दरअसल इन दिनों इंटरनेट 'किकी चैलेंज' के वीडियोज़ से भरा पड़ा है। चलती गाड़ी के साथ किए जाने वाले इस डांस को लेकर कई राज्यों में पुलिस चेतावनी जारी कर चुकी है। इसके बावजूद आए दिन चैलेंज के कई वीडियो सामने आ रहे हैं।
कुछ समय पहले ही मुंबई में तीन लड़कों ने ट्रेन से उतरकर किकी डांस किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जब तीनों लड़कों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, तो उन्होंने लड़कों को तीन दिन तक रेलवे स्टेशन साफ करने की सज़ा सुनाई।
क्या है किकी चैलेंज
इस चैलेंज के तहत चलती गाड़ी से उतरकर आपको गाड़ी का दरवाजा खुला रखना होता है और फिर ड्रेक के पॉप्युलर सॉन्ग 'किकी डू यू लव मी' की धुन पर चलती गाड़ी के साथ डांस करना होता है। इस दौरान आपको अपने पैरों की स्पीड और ट्रिक्स का भी ध्यान रखना होता है।
गाड़ी के अंदर बैठा शख्स एक हाथ से गाड़ी ड्राइव करता है और दूसरे हाथ से अपने मोबाइल के जरिए बाहर डांस कर रहे शख्स का विडियो बनाता है। बाद में डांस करने वाले व्यक्ति को बिना किसी चोट या दुर्घटना के चलती गाड़ी में कूदकर अंदर बैठना होता है, तभी इस चैलेंज को पूरा माना जाता है।
यह चैलेंज बेहद खतरनाक स्टंट भी है जो इसे परफॉर्म करने वाले के साथ ही सड़क पर चलने वालों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसमें गाड़ी चलाने वाले व्यक्ति का ध्यान भी वीडियो बनाने में रहता है जिस वजह से वह भी सड़क पर ध्यान नहीं दे पाता और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शिगी ने रोड साइड डांस कर की थी शुरुआत
इसी साल 30 जून को अमेरिका के कॉमेडियन शिगी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें वह 'किकी डू यू लव मीÓकी धुन पर डांस करते हुए नजर आ रहे थे।
दिलचस्प बात यह है कि शिगी ने सिर्फ रोड के किनारे यह डांस किया था लेकिन इसके बाद कुछ यंगस्टर्स ने चलती कार से उतरकर इस गाने पर डांस किया जोकि पॉपुलर हो गया। इसके बाद दुनियाभर में लोगों के बीच यह किकी चैलेंज वायरल हो गया और अब हर कोई इसे ट्राई करने की कोशिश कर रहा है।
कई देश और राज्यों में बैन...
मिस्त्र, जॉर्डन और यूएई जैसे देशों में यह किकी चैलेंज पूरी तरह से बैन हो चुका है और दुबई और अबू धाबी जैसे शहरों में तो इस चैलेंज को एक्सेप्ट करने वालों को गिरफ्तार कर जेल तक भेज दिया गया है।
भारत में सबसे पहले मुंबई पुलिस ने किकी चैलेंज के बारे में चेतावनी जारी की थी, जिसके बाद बेंगलुरु, चंडीगढ़, यूपी और अब दिल्ली पुलिस ने भी इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि उन्हें सड़क की बजाए डांस फ्लोर पर डांस करना चाहिए।
जो इस तरह के चैलेंज को सड़क पर करने की सोच भी रहे हैं उन महानुभाव से विनम्र निवेदन है कि वे अगर स्वयं को खतरा पैदा करेंगे या ट्रैफिक बाधित करने की कोशिश करेंगे तो ट्रैफिक पुलिस उन पर सख्त कार्रवाई करेगी।
Updated on:
14 Aug 2018 11:41 am
Published on:
13 Aug 2018 06:37 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
