
national highway 46 itarsi betul 4 lane project nitin gadkari
mp news: केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को एक और बड़ी सौगात दी है। गडकरी ने नेशनल हाईवे-46 ग्वालियर-बैतूल के इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 किलोमीटर लंबे टाइगर कॉरिडोर को 4-लेन बनाने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना को पूरा करने में 758 करोड़ रुपये खर्च होंगे। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खुद एक्स पर पोस्ट कर इस परियोजना की जानकारी दी है। इस परियोजना के पूरे होने से इटारसी से बैतूल का सफर और भी आसान और सुगम हो जाएगा।
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मध्यप्रदेश को सौगात देते हुए लिखा है- मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 km लंबे टाइगर कॉरिडोर को 4-लेन बनाने के लिए 758 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है। यह क्षेत्र खेती-बाड़ी का एक बड़ा केंद्र है, और यहां कोयला, तांबा, ग्रेफाइट और सीसा-जस्ता जैसे प्राकृतिक संसाधन भरपूर मात्रा में मौजूद हैं। इस सेक्शन को 4-लेन बनाने से पूरे क्षेत्र में माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा और सुरक्षा बढ़ेगी साथ ही किसानों के लिए बाज़ारों और मंडियों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
नितिन गडकरी ने पोस्ट में आगे लिखा है- इस परियोजना में जानवरों के सुरक्षित रूप से सड़क पार करने के लिए 11 खास अंडरपास और ओवरपास बनाए जाएंगे, जिससे आस-पास के वन्यजीव इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं और जानवरों की मौत के मामलों में कमी आएगी। बाकी बचे 22 km के इस हिस्से को अपग्रेड करने के साथ ही, पूरा ग्वालियर-बैतूल कॉरिडोर एक 4-लेन वाला हाईवे बन जाएगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, और माधव नेशनल पार्क, रातापानी और सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व में इको-टूरिज़्म को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 किमी लंबे टाइगर कॉरिडोर को फोर लेन बनाने के लिए 758 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान करने पर आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस टाइगर कॉरिडोर को फोर लेन बनाने के लिए मंजूरी प्रदान के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का भी अभिनंदन कर आभार जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा इस सेक्शन में फोर लेन निर्माण के लिए मंजूरी देने से अब यहां विकास की नई बयार बहेगी। केन्द्र सरकार का यह निर्णय इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदल देगा। फोर लेन से यात्री वाहनों और मालवाहकों की तेज आवाजाही के साथ-साथ अब यहां नागरिक सेवाओं, सुविधाओं की सुलभ पहुंच सहित क्षेत्रीय विकास भी चार गुना स्पीड से आगे बढ़ेगा। फोर लेन की मंजूरी वाला यह पूरा क्षेत्र खेती-किसानी का एक बड़ा केंद्र है।
Published on:
04 Apr 2026 09:57 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
