23 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ट्विशा मामले में 7 दिन महत्वपूर्ण, समर्थ सिंह से पूछताछ, जानिए क्या बोले दोनों पक्षों के वकील

Twisha Sharma latest update: ट्विशा शर्मा केस में हर पल नया अपडेट आ रहा है...। शनिवार को दोनों पक्षों के वकीलों और परिवार ने क्या कहा, देखें एक रिपोर्ट...।

4 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

May 23, 2026

Twisha Sharma case

भोपाल। ट्विशा शर्मा केस में दोनों पक्षों के वकील और परिवार के लोगों के बयान शनिवार को सामने आए हैं।

Twisha Sharma case: ट्विशा शर्मा केस अब देशभर की सुर्खियां बन गया है। हर पल घटनाक्रम बदल रहे हैं। 12 मई के बाद से ट्विशा का शव एम्स की मर्चुरी में रखा हुआ है, रविवार को दोबारा पोस्टमार्टम होगा। ट्विशा के पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी जबलपुर में हुई, शनिवार को उसे भोपाल की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस को 7 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। इधर, गिरिबाला सिंह भी अग्रिम जमानत पर है। उनकी भी जमानत रद्द कराने के लिए ट्विशा के परिवार ने कोर्ट में अर्जी लगाई है। इस बीच शनिवार शाम को दिल्ली एम्स के चार डाक्टरों की टीम चार्टर्ड प्लेन से भोपाल पहुंच गई है।

ट्विशा शर्मा केस में शनिवार को पति समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से 7 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के वकील और परिजनों के बयान आए हैं। आइए डालते है इन बयानों पर एक नजर…।

7 दिन बाद जमानत के लिए आवेदन

सास गिरिबाला और पति समर्थ सिंह के वकील एडवोकेट ज्ञानेंद्र शर्मा कहते हैं, "पुलिस ने जांच के लिए 7 दिन की रिमांड मांगी थी। कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर ली। हमने इसका विरोध किया था, क्योंकि बरामद करने लायक कुछ भी नहीं है और इसके बावजूद कोर्ट ने रिमांड दे दी, हमें कोई आपत्ति नहीं है। रिमांड की अवधि पूरी हो जाने के बाद हम जमानत के लिए अर्जी देंगे…"

जांच एजेंसी को गंभीर अपराध की आशंका

ट्विशा के परिवार के वकील अंकुर पांडे कहते हैं कि "कल उसने (समर्थ ने) अपनी अग्रिम जमानत वापस ले ली। उसके बाद वह जबलपुर ज़िला अदालत गया, जहाँ जबलपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और फिर भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद भोपाल पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया और आज उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां जांच एजेंसी का मानना ​​है कि उसने एक गंभीर अपराध में अहम भूमिका निभाई है। इसलिए 7 दिन की रिमांड मांगी गई और मजिस्ट्रेट ने मामले की समीक्षा करने और सभी परिस्थितियों पर विचार करने के बाद 7 दिन की रिमांड दे दी।

दुर्भाग्य से मिली अग्रिम जमानत

पीड़ित पक्ष के वकील अनुराग श्रीवास्तव भी भोपाल पहुंच गए। उन्होंने कहा कि "दुर्भाग्य से, इस मामले में गिरिबाला सिंह को बिना किसी शर्त के अग्रिम ज़मानत मिल गई और वह अभी भी उसी घर में रह रही हैं। अब उनके पास अपने और समर्थ के खिलाफ किसी भी सबूत को नष्ट करने का पूरा मौका था। उसे (समर्थ को) आज पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है, लेकिन जिस दिन FIR दर्ज हुई थी, कम से कम उसी दिन घर को सील कर देना चाहिए था।

एसीपी बोले- समर्थ से पूछताछ की जाएगी

मृतक ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे जाने के मामले में ACP रजनीश कश्यप ने कहा - "अदालत ने पुलिस को 7 दिन की रिमांड दी है। आरोपी समर्थ सिंह से पूछताछ की जाएगी और जैसे-जैसे और तथ्य सामने आएंगे, आगे की कार्रवाई की जाएगी।" ACP रजनीश कश्यप ने कहा कि "पूछताछ के हिस्से के तौर पर इस घटना और अपराध स्थल से जुड़े हर व्यक्ति से पूछताछ की जाएगी। उनकी भूमिकाओं की जांच की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि इसमें कौन-कौन शामिल था और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई।"

जीजा सौरभ शर्मा बोले- पाजिटिव साइन है


मृतक ट्विशा शर्मा के जीजा सौरभ शर्मा भी भोपाल में हैं, उन्होंने कहा कि "प्रशासन, CM और मीडिया से कुछ उम्मीद जगी है। और, आज हमने जो आवाज़ उठाई थी कि हम समर्थ को पकड़ भी नहीं पा रहे थे, पुलिस भी उसे पकड़ नहीं पाई थी। हमें प्रशासन से सकारात्मक संकेत मिला है कि चीज़ें हमारे पक्ष में जा रही है। हम उस लड़की को तो वापस नहीं ला सकते, लेकिन कम से कम हम उसके लिए खड़े हो सकते हैं और उसे इंसाफ़ दिला सकते हैं।"

सौरभ शर्मा कहते हैं, "अब हमें पूरा भरोसा है। हमें CBI पर पूरी तरह से विश्वास करना होगा। क्योंकि पहले दिन से ही हम देख रहे थे कि बहुत-सी चीज़ें ऊपर-नीचे हो रही थीं, काफी दबाव था… हम उससे बयान नहीं ले पा रहे थे। हम किसी भी तरह का सबूत इकट्ठा नहीं कर पा रहे थे… अब हमें उम्मीद है कि पुलिस उससे पूछताछ करेगी और तथ्यों को सामने लाएगी…"

ये सात दिन सीबीआई के लिए अहम हैं- मेजर हर्षित शर्मा

मृतका ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजे जाने के बाद, ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा, "ये सात दिन CBI के हस्तक्षेप के लिए बहुत अहम हैं…" सीबीआई को निष्पक्ष न्याय के लिए जल्द दी चार्ज ले लेना चाहिए।

सीबीआई जल्दी चार्ज ले

मृतक ट्विशा शर्मा के भाई आशीष शर्मा कहते हैं, "अगर मैं अपने दिल की बात कहूँ, तो मुझे लगता है कि मेरे दिल में उम्मीद की एक किरण जगी है। और कल से, जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट ने पूरी तरह से निष्पक्ष होकर काम किया है और कानून के अपेक्षित नियमों का पालन किया है- यानी कानून जो कहता है, वैसा ही होना चाहिए। ये बातें हमारे खोए हुए विश्वास को फिर से जगाने के लिए बहुत ही उत्साहवर्धक हैं। और मुझे लगता है कि जिस तरह से आज रिमांड की अनुमति दी गई है, उस पर किसी का ध्यान जाना नहीं चाहिए। इसीलिए CBI को तुरंत इस मामले की कमान अपने हाथों में ले लेनी चाहिए…"

दिल्ली एम्स की टीम रवाना

इधर, शनिवार को दिल्ली एम्स के चार डाक्टरों की टीम भोपाल रवाना हो गई है। वो रात 8.30 बजे तक पहुंच जाएगी। यह टीम रविवार को ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम करेगी।