
भोपाल। किसान आंदोलन के बीच मंगलवार को दिल्ली में कुछ किसान हिंसा पर उतारू हो गई, पुलिस को कई स्थानों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। किसानों को शांतिपूर्ण ढंग से ट्रैक्टर रैली निकालने की अनुमति दी गई थी, लेकिन कुछ शरारती लोग दिल्ली के भीतर बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ गए। इस दौरान किसान और पुलिस कर्मियों में काफी झड़पें हुईं। किसानों ने पुलिस पर पथराव भी किया। इसके बाद कई स्थानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, वहीं कुछ किसानों ने पुलिसकर्मियों को ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की।
कांग्रेस ने लगाया साजिश का आरोप
दिल्ली में चल रहे बवाल के बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मोदी सरकार पर ही साजिश के आरोप लगाए हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने किसान आंदोलन का वीडियो शेयर कर कहा है कि ये है मोदी के सपनों का भारत। नफरत फैलाते-फैलाते नरेन्द्र मोदी ने जवानों और किसानों को आपस में लड़वाने में आख़िर सफलता हासिल कर ही ली है। कांग्रेस ने ट्वीट में आगे कहा कि मोदी जी, कृषि क़ानून इतने ज़रूरी हैं..? आपकी हरकतों से साज़िश की “बू” आ रही है।
क्या कहते हैं किसान नेता
मध्यप्रदेश के किसान नेता शिवकुमार शर्मा कक्का जी भी दिल्ली में ही हैं। उन्होंने एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि कुछ लोग तय रास्ते से अलग हटकर दिल्ली में घुस गए हैं, हम सभी से शांति बनाए रखने की कोशिश में जुटे हैं। मैं किसानों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा हूं।
कृषि मंत्री के बंगले पर जारी है प्रदर्शन, ग्वालियर में हैं बंगला
एक तरफ दिल्ली में किसान आंदोलन चल रहा है, वहीं ग्वालियर में भी मध्यप्रदेश के किसान ट्रैक्टर ट्रालियोंमें भरकर पहुंचे। यहां केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के सरकारी बंगले के बाहर प्रदर्शन किया। माकपा के कई कार्यकर्ता इस दौरान उग्र हो गए और बंगले के बाहर जमकर हंगामा किया।
दिग्विजय ने दी थीं शुभकामनाएं
इससे पहले, सुबह ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट के जरिए कहा था कि किसान विरोधी क़ानून के ख़िलाफ़ निकल रही ट्रेक्टर रैली को मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ। आप सभी के साहस के हम क़ायल हैं।
Published on:
26 Jan 2021 03:09 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
