
कोतवाली टीआई की भाजपा नेत्री पर गंदी नियत! जानिये TI ने क्या कहा था महिला के पति से...
अशोकनगर@अरविंद जैन की रिपोर्ट...
मध्यप्रदेश के अशोकनगर की पुलिस इन दिनों कई तरह के आरोपों से घिरी दिख रही है। अभी कुछ समय पहले सुनवाई से पहले पीड़िता से एसपी द्वारा रेप का वीडियो मांगे जाने वाला मामला शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को एक बार फिर पुलिस पर एक भाजपा नेत्री की ओर से संगीन आरोप लगा दिए गए।
आज कल लगातार चल रहे #Mee Too कैंपेन के बीच प्रदेश में एक ओर शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। इस मामले पीड़िता ने आरोप लगाया है कोतवाली टीआई उस पर गंदी नियत रखता है। वहीं बताया जाता है कि मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
दरअसल यह मामला मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले से समाने आया है, जहां भाजपा से जुड़ी एक महिला नेता ने कोतवाली टीआई पर गंदी नियत रखने के आरोप लगाए हैं।
महिला का आरोप है कि उसके पति सत्येन्द्र कलावत के खिलाफ ग्वालियर कोर्ट ने 7 साल पुराने मामले में स्थायी वारंट निकाला था। जिसके बाद कोतवाली टीआई ने उनके पति को फोन कर कहा था तेरी पत्नी को मेरे पास भेज...
पीड़ित महिला शीतल कलावत भाजपा की जिला मंत्री एवं कृषि उपज मंडी समिति और जिला पंचायत की सदस्य हैं। शीतल कलावत का आरोप है कि पति की गिरफ़्तारी के दौरान टीआई और पुलिसकर्मियों ने उनके और परिजनों के साथ मारपीट कर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। साथ ही गिरफ्तारी के दौरान पुलिस उनके पति को कपड़े पहनने तक नहीं दे रही थी और उन्हें चड्डी-बनियान में ले जाने को उतारू थी।
वारंट के चलते महिला के पति की गिरफ्तारी की गई, इसी के चलते जानबूझ के आरोप लाए जा रहे है। जो पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। ऐसी कोई बात नहीं है।
- महेश शर्मा, कोतवाली टीआई अशोकनगर
पहले एसपी पर लगा था पीड़िता से रेप का वीडियो मांगने का आरोप...
इस घटना से करीब 1 माह पहले सामने आए मामले में शिकायत दर्ज कराने पहुंची पीड़िता से पुलिस ने सबूत के तौर पर दुष्कर्म के वीडियो की मांग करने की बात सामने आई थी।
इस मामले में महिला ने सीएम हाउस में भी शिकायत की, वही कांग्रेस कार्यालय भी जाकर न्याय की गुहार लगाई। इस घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में हडकंप मच गया था। महिला के आरोप के बाद ईशागढ़ पुलिस और एसपी सुनील जैन पर सवालिया निशान खड़े हो गए।
उस समय बताया गया था कि मामला आठ महिने पुराना जनवरी का है। महिला का आरोप था कि नौ जनवरी को उसके साथ ईशागढ़ थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी प्रकाश पवैया ने दुष्कर्म किया था। जिसकी शिकायत वो कई बार थाने में पुलिस अधिकारियों और एसपी सुनील जैन से कर चुकी है,लेकिन हर बार उसे जांच का आश्वाशन देकर वापस भेज दिया जाता रहा है।
महिला ने थाना एसपी सुनील जैन पर आरोप लगाते हुए कहा है कि मैंने एसपी को 7 आवेदन दिए, प्रकाश पवैया के खिलाफ गवाह होने के बावजूद पुलिस ने अबतक उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। मैंने मेरे पति के साथ जाकर शिकायत की तो पुलिस मेरे देवर को उठा कर ले गई।
महिला का आरोप था कि एसपी कहता है कि रेप का वीडियो लाओ, फिर मैं सुनवाई करूंगा। वही महिला के पति का आरोप है कि पुलिसकर्मी प्रकाश पवैया और उसके साथियों ने हर जगह से शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया।
Updated on:
16 Oct 2018, 7:35 PM IST
Published on:
16 Oct 2018, 7:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.