
Love marriage story in madhya pradesh
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोनाकाल में एक दिलचस्प लव स्टोरी (Love In The Time Of COVID-19) सामने आई है। इसमें लव मैरिज करने के लिए कोर्ट पहुंची युवती की शादी रोकने के लिए परिजनों ने कह दिया कि लड़की 'कोरोना पॉजिटिव' है। इतना सुनते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और हेल्प लाइन नंबर पर सूचना देकर युवती को 14 दिन के लिए क्वारंटीन (quarantined) करवा दिया गया। अब युवती का सोशल मीडिया पर बयान वायरल हो रहा है, उसका कहना है कि 'कोरोना हारे, प्यार जीतेगा।'
यह लव स्टोरी खंडवा जिले की है। जिला न्यायालय में बुधवार को युवक और युवती लव मैरिज (Love marriage) के लिए शपथ-पत्र बनवाने पहुंचे थे। युवती और युवक वकीलों से बात कर रहे थे, सामने ही बैठा टाइपिस्ट भी शपथ-पत्र बनाने के लिए आवश्यक जानकारी पूछ रहा था। इसी बीच, कोर्ट परिसर में युवती के परिजन पहुंच गए। युवती के परिजन लव मैरिज के खिलाफ थे। उन्हें अपना होने वाला दामाद पसंद नहीं था। वे वकील के पास पहुंचे और बोले- वकील साहब, इस लड़की से दूर रहिए, यह 'कोरोना पॉजिटिव' है। इतना सुनते ही वकील और वहां मौजद टाइपिस्ट घबरा गए। कोर्ट परिसर में हंगामा मच गया। युवती का शपथ-पत्र बनवा रहे वकील वीरेंद्र वर्मा भी युवती से दूर हटने लगे और हाथ जोड़कर कहने लगे कि आप पहले कोरोना की जांच करवा लीजिए, उसके बाद आइएगा। आपकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही कोई आपकी मदद कर सकेगा। ऐसी स्थिति में तो कोई भी वकील आपका केस नहीं लेगा।
परिजनों ने बुलाई जांच टीम :-:
युवती के परिजनों ने ही स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन नंबर 104 पर सूचना दे दी कि यह युवती 'कोरोना पॉजिटिव' है और वो शादी के लिए कोर्ट परिसर में शपथ-पत्र बनवा रही है। इसी बीच, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी कोर्ट पहुंच गई और युवती को अपने साथ जिला अस्पताल ले गई। जांच के लिए सैंपल लेकर लड़की को उसके घर छोड़ दिया गया और युवती 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन कर दिया गया।
एक ही समाज के हैं दोनों :-:
शहर के अमलपुरा इलाके की रहने वाली 19 साल की यह युवती अपने ही समाज के 22 वर्षीय युवक से प्यार करती है और वो उसी से विवाह करना चाहती है। जबकि परिजन इस शादी के खिलाफ हैं। उन्हें अपना होने वाला दामाद पसंद नहीं है। परिजनों के मना करने के बावजूद युवती नहीं मान रही है और वो अपने प्रेमी के साथ शादी करने पर अड़ी हुई है। शादी रोकने की तमाम कोशिश अब तक बेकार रही। सूत्रों के मुताबिक माना जा रहा है कि परिजनों ने कोरोना वायरस को ढाल बनाकर हेल्पलाइन पर शिकायत कर लड़की को 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन करवा दिया।
क्वारंटीन होने के बाद बोली- कोरोना हारेगा, प्यार जीतेगा:-:
युवती का सैंपल लेने के बाद उसे अपने ही घर में 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया गया। क्वारंटीन होने के बाद युवती का कहना है कि कोरोना संकट में मेरे प्यार को कोई नहीं हरा सकता। अभी नहीं तो बाद में हम एक-दूसरे के हो जाएंगे। युवती ने यह भी कहा कि 'कोरोना हारेगा और प्यार जीतेगा।' युवती का यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वकील बोले- सामान्य दिख रही थी युवती:-:
इधर, युवती लव मैरिज के लिए जिस वकील के पास गई थी उनका कहना है कि युवती सामान्य दिख रही थी। मैंने उससे खुद बात की, उसे देखकर नहीं लग रहा था कि उसे कोरोना हो सकता है। हो सकता है कि विवाह रोकने के लिए परिजन ने 'कोरोना वायरस' का इस्तेमाल शादी रोकने के लिए किया हो। इसीलिए शायद कोर्ट में आकर परिजनों ने हंगामा भी किया। हालांकि एक-दो दिन में युवती की कोरोना जांच रिपोर्ट आ जाएगा। इसके बाद खुलासा हो जाएगा कि सच क्या है।
Updated on:
23 Jul 2020 12:10 pm
Published on:
23 Jul 2020 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
