2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक और सिंधिया समर्थक नेता ने छोड़ी BJP, सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ CONGRESS में शामिल

ज्योतिरादित्य सिंधिया को 2 महीने में तीसरा झटका, भाजपा छोड़ कांग्रेस में गए करीबी रघुराज सिंह धाकड़, इनसे पहले राकेश गुप्ता और बैजनाथ यादव भी छोड़ चुके हैं साथ...।

3 min read
Google source verification

भोपाल

image

Manish Geete

Aug 10, 2023

congress-01.png

,,

मध्यप्रदेश में जोड़तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। इस बार भाजपा के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को झटका लगा है। सिंधिया के करीबी माने जाने वाले धाकड़ समाज के नेता रघुराज सिंह धाकड़ ने गुरुवार को कांग्रेस ज्वाइन कर ली। वे ग्वालियर और चंबल क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने धाकड़ को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। गौरतलब है कि बीते दो माह में भाजपा खेमे को यह तीसरा बड़ा झटका है।

गुरुवार को सुबह ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के नेता रघुराज सिंह धाकड़ 300 कारों के काफिले में भोपाल पहुंचे। पूर्व सीएम के बेटे कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह भी उनके साथ थे। कमलनाथ के निवास पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे धाकड़ ने कमलनाथ के साथ बैठक की और समर्थकों के साथ सदस्यता ग्रहण कर ली। धाकड़ के साथ ही चंदेरी से जयपाल सिंह यादव जी एवं यदुराज सिंह यादव जी ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनसे पहले सिंधिया समर्थक बैजनाथ सिंह यादव और राकेश गुप्ता भी भाजपा को छोड़ कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

धाकड़ बोले- कांग्रेस मेरे मन में थी

सदस्यता ग्रहण करने के बाद रघुराज सिंह धाकड़ ने मीडिया से कहा है कि भाजपा में तवज्जो नहीं मिलने के कारण उन्हें घर वापसी करना पड़ रही है। हम तो मूल कांग्रेसी ही थे, लेकिन महाराज के भाजपा में जाने के साथ ही हम भी चले गए थे। हमेशा से ही मेरी कांग्रेस की विचारधारा रही है। हम दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह से प्रभावित हैं। धाकड़ ने कहा कि हम हमारी विधानसभा में कांग्रेस के विधायक बनाएंगे और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। रघुराज सिंह धाकड़ सन 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ही भाजपा में चले गए थे। कोलारस विधानसभा क्षेत्र के धाकड़ समाज के कद्दावर नेता माने जाते हैं।

रायसेन में भी हुई भाजपा में बगावत

पिछले सप्ताह रायसेन जिले की सांची विधानसभा क्षेत्र से भाजपा में भी कुछ ठीक नहीं था। यहां से सिंधिया समर्थक जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य प्रीति मालवीय, भाजपा नेता प्रदीप दीक्षित समेत 100 से अधिक कार्यकर्ता बगावत कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

शिवपुरी के राकेश गुप्ता ने छोड़ी पार्टी

26 जून को सिंधिया के कट्टर समर्थक माने जाने वाले भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने पार्टी छोड़ दी थी। गुप्ता ने कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद कहा था कि वे भाजपा में जाने के बाद से ठगा सा महसूस कर रहे थे। भाजपा में उनका कोई सम्मान नहीं है। राकेश गुप्ता शिवपुरी में कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। गुप्ता भी सिंधिया के साथ 2020 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले गए थे। गुप्ता के स्वर्गीय पिता सांवलदास गुप्ता शिवपुरी नगर पालिका के तीन बार अध्यक्ष रह चुके हैं और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी थे। इस क्षेत्र में 30 हजार वैश्य वोटर हैं, जिनमें गुप्ता का अच्छा खासा प्रभाव है।

बैजनाथ यादव बोले- हमें अछूत समझा गया

जून में ही एक और घटनाक्रम हुआ था, जब सिंधिया के कट्टर समर्थक बैजनाथ यादव 400 गाड़ियों के काफिले में भोपाल पहुंचे और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। बैजनाथ भी 2020 में सिंधिया के साथ भाजपा में चले गए थे। बैजनाथ सिंह यादव की पत्नी कमला यादव शिवपुरी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। कमलनाथ, अरुण यादव और जयवर्धन सिंह ने उन्हें सदस्यता दिलाई थी। कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद बैजनाथ यादव ने कहा था कि उन्होंने कांग्रेस में घर वापसी कर ली है। वे सिंधिया जी के साथ ही भाजपा में गए थे। यादव ने कहा कि वे भाजपा में ऊब चुके हैं और उन्हें अछूत समझा जा रहा था।