
अनलॉक के नए आदेश जारी : रात 10 बजे तक खुलेंगे बाजार, सिनेमाघर और रेस्टोरेंट भी खुलेंगे, मानने होंगे ये नियम
भोपाल/ मध्य प्रदेश में सोमवार को अनलॉक के संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में ढील बढ़ाने के संबंध में फैसला लिया है। सीएम शिवराज के मुताबिक, अब मंगलवार से रात 10 बजे तक बाजार खोले जा सकेंगे। साथ ही, पिछले लंबे समय से बंद सिनेमाघरों को भी 50 फीसदी क्षमता के साथ खोला जा सकेगा। वहीं, प्रदेश के सभी रेस्टोरेंट भी अब पूरी क्षमता के साथ खुल सकेंगे। सीएम शिवराज द्वारा ये फैसला सोमवार देर शाम कोरोना की समीक्षा बैठक के बाद लिया है।सीएम ने कहा कि, प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रित है। इसी के चलते कुछ और गतिविधियों में छूट दी जा रही है।
तीसरी लहर को लेकर रहें सतर्क- शिवराज
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कोरोना की दूसरी लहर पर तो हमने काबू पा लिया है, लेकिन तीसरी लहर का खतरा अब भी बाकि है, ऐसे में और भी सतर्क रहने की जरूरत है। दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में एक बार फिर केस बढ़ने लगे हैं। केरल और महाराष्ट्र में संक्रमण स्तर घट नहीं रहा है। जानकार अगस्त तक एक बार फिर केस बढ़ने का अनुमान लगा रहे हैं। जिलों के प्रभारी मंत्री और अधिकारी सतर्कता और सक्रियता बनाए रखें। कोविड गाइडलाइन का पालन करने के लिए जनता को प्रेरित किया जाए। कोरोना के नए वैरिएंट की पहचान के लिए प्रदेश में जारी जीनोम सिक्वेंसिंग की जानकारी भी बैठक में दी गई।
इन 2 शहरों पर ऱकना होगा खास फोकस, क्योकि...
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, संक्रमण को लेकर भोपाल और इंदौर पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। इन शहरों में दूसरे राज्यों से आवाजाही अन्य शहरों के मुकाबले ज्यादा है। वहीं, भोपाल और इंदौर से राज्य के बाकी जिलों में भी लोग आते-जाते रहते हैं। MP में रविवार को कोरोना के 18 संक्रमित मरीज मिले थे। इसमें से भोपाल में 8, इंदौर में 3, जबलपुर और नीमच में 2-2 और राजगढ़, सागर, शिवपुरी, सिंगरौली में 1-1 मरीज सामने आया है।
मोदी सरकार के मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मुलाकात - video
Published on:
12 Jul 2021 11:57 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
