
Corona Live Update : अनलॉक होते ही मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग भूले लोग, चिंताजनक हुए हालत
भोपाल/ केन्द्र सरकार द्वारा अनलॉक-1 की घोषणा के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने व्यवस्थाओं में ढील देनी शुरु कर दी है। कुछ शर्तों के साथ बाज़ार, मॉल और कारोबार खोलने और लोगों को घरों से निकलने की अनुमति मिली है, ताकि अर्थव्यवस्था और दिनचर्या पटरी पर लौट सके। हालांकि, सरकार द्वारा दी गई इस ढील के दुष्परिणाम सामने आने लगे हैं। कारण है, इतने लंबे समय घरों में कैद रहने के बावजूद भी हम में से कई लोग घरों से निकलने पर मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग नियम को नज़रअंदाज करने लगे हैं, जिसके परिणाम स्वरूप स्थितियों में बिगाड़ आने लगा है। जानकार कहते हैं कि, अगर लोग अब भी न सुधरे तो अनकरीब हालात भयावय होंगे।
उड़ रहीं नियमों की धज्जियां
आपको बता दें कि, मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हजार के पार (10049) जा पहुंची है। इन दिनों लोगों में संक्रमण के फैलाव में तेजी आई है। इंदौर की बात करें तो यहां अब तक 3922 मरीज हो चुके हैं। वहीं, भोपाल में आंकड़ा 2131 पर पहुंच गया है। राज्य में अब तक 427 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिस तेजी से अब संक्रमण का फैलाव हो रहा है, वो बेहद चिंता का विषय है। प्रदेशभर में बाजार खुलते ही भीड़ देखी जा रही है, संक्रमण के फैलाव का सबसे बड़ा कारण यही है। कई इलाकों में लोग बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के घूमते आमतौर पर देखे जा रहे हैं। सरकार द्वारा मास्क न पहनने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है, लेकिन लोगों पर इसका भी कोई प्रभाव नहीं दिख रहा। हालांकि, ये व्यवस्था भी सिर्फ शहरों में ही नज़र आ रही है।
पढ़ें ये खास खबर- अलर्ट : तो इस वजह से जुलाई तक चरम पर पहुंच जाएगा कोरोना वायरस
राजधानी में तेजी से बिगड़ने लगे हालात
राजधानी में अनलॉक-1 के 10वें दिन 78 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। ये अब तक शहर में एक दिन के भीतर मिलने वाले केस में सबसे अधिक है। इससे पहले 8 जून को 60 केस मिले थे। भोपाल में पहला केस 22 मार्च को मिला था। नए संक्रमितों में 108 इमर्जेंसी कॉल सेंटर के 12 और कर्मचारी शामिल हैं। यहां अब तक 20 संक्रमित मिल चुके हैं। इसके अलावा, कुछ दिन शांत रहने के बाद जहांगीराबाद में फिर से 23 नए मरीज मिले हैं। अगर इस एक इलाके में ही मरीजों की संख्या देखें, तो यहां अब तक कुल 401 लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, जबकि, ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शहर में कुल संक्रमितों संख्या 2131 हो गई है।
Updated on:
11 Jun 2020, 3:40 PM IST
Published on:
11 Jun 2020, 3:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.