सीजन में इस बार अब तक 55 दिन बारिश
भोपाल. मानसून सीजन खत्म होने के लिए अब चार दिन का समय रह गया है, वहीं राजस्थान की ओर से मानसून की विदाई का सिलसिला भी शुरू हो गया है। ऐसे में भोपाल से भी अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून की विदाई की संभावना है, हालांकि सितम्बर के आखिरी सप्ताह में एक और सिस्टम बनने की संभावना है, अगर इसका असर होता है तो अक्टूबर की शुरुआत में बारिश का एक दौर आ सकता है। पिछले दस साल के ट्रेंड की बात की जाए तो शहर से मानसून की विदाई अक्टूबर माह में ही हुई है। नए मापदंड के अनुसार शहर से मानसून की विदाई की सामान्य तारीख 1 अक्टूबर है, लेकिन इस बार भी मानसून एक सप्ताह से अधिक की देरी से रवाना होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम इसी तरह रहेगा। शहर में धूप खिली रही। शहर में अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम 22.6 डिग्री दर्ज किया गया।
यह भी पढ़े:क्या आपको भी हो रही है सांस लेने में दिक्कत? तो हल्के में न ले सर्दी-जुकाम को https://www.patrika.com/bhopal-news/are-you-also-having-trouble-breathing-8485658/
55 दिन बारिश, 10 से 12 दिन तेज बारिश
इस बार शहर में बारिश का दौर काफी कमजोर रहा है। शहर में मानसून सीजन में अब तक 55 दिन बारिश हुई है, इसमें अधिकांश बारिश का दौर हल्की और मध्यम बारिश का ही रहा है। पूरे सीजन में सिर्फ 10 से 12 दिन ही तेज बारिश की स्थिति बनी है। इस बार सितम्बर माह में अच्छी बारिश हुई है, और अब तक 16 दिन बारिश की स्थिति इस माह रही, जबकि अगस्त में 18 दिन बारिश हुई है।
यह भी पढ़े: क्या आपको भी होता है लोअर बैक पेन... ? तो हो जाए सतर्क ! https://www.patrika.com/bhopal-news/do-you-also-suffer-from-lower-back-pain-then-be-alert-8504085/
भोपाल से मानसून की विदाई कब-कब
- 14 अक्टूबर 2022
- 21 अक्टूबर 2021
- 11 अक्टूबर 2020
- 1 अक्टूबर 2019
- 1 अक्टूबर 2018
- 16 अक्टूबर 2017
- 14 अक्टूबर 2016
- 1 अक्टूबर 2015
- 5 अक्टूबर 2014
- 17 अक्टूबर 2013