
MP ELECTION 2018 : राजधानी में कई प्रत्याशी जहां से लड़ रहे चुनाव, वहीं के नहीं हैं मतदाता
भोपाल@प्रवेंद्र तोमर
मतदान की तारीख नजदीक आते ही प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की मशक्कत में जुटे हैं। दूसरी ओर ऐसे भी प्रत्याशी हैं, जिन्हें चुनाव में स्वयं और परिवार के सदस्यों के वोट नहीं मिल पाएंगे। इसकी वजह है कि प्रत्याशी जिन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं, वहां उनका निवास नहीं है, लिहाजा मतदान भी वहां से नहीं कर पाएंगे।
राजधानी में भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य दलों के 75 फीसदी प्रत्याशियों की उलझन यही है। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम से भाजपा प्रत्याशी उमाशंकर गुप्ता, गोविंदपुरा से कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश शर्मा, बैरसिया से कांग्रेस प्रत्याशी जयश्री हरिकरण और हुजूर से कांग्रेस के नरेश ज्ञानचंदानी ऐसे हैं, जिनका निवास उस विधानसभा क्षेत्र में है, जहां से वे चुनाव लड़ रहे हैं।
नरेला: सारंग और चौहान दक्षिण-पश्चिम के वोटर
भाजपा प्रत्याशी और विधायक विश्वास सारंग दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के मतदाता हैं। उनका वोटर कार्ड वोटर लिस्ट भाग संख्या 158 में 162 नंबर पर दर्ज है। कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह चौहान भी दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में निवास करते हैं। इनका वोटर कार्ड 195 पर दर्ज है।
द. पश्चिम: शर्मा मध्य से मतदाता, गुप्ता इसी क्षेत्र के
कांग्रेस प्रत्याशी पीसी शर्मा मध्य क्षेत्र के वोटर हैं। इनका वोटर कार्ड मध्य की वोटर लिस्ट भाग संख्या 240 पर दर्ज है। भाजपा प्रत्याशी उमाशंकर गुप्ता द. पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। आप प्रत्याशी आलोक अग्रवाल गोविंदपुरा विस क्षेत्र के निवासी और मतदाता हैं।
बैरसिया: खत्री हुजूर से
भाजपा प्रत्याशी विष्णु खत्री का निवास लालघाटी क्षेत्र में हैं। ये हुजूर विधानसभा क्षेत्र में आता है। उनका वोट हुजूर विधानसभा की वोटर लिस्ट भाग संख्या 47 के क्र. 348 पर दर्ज हैं।
उत्तर: अकील भी
कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ अकील मध्य विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मी टॉकीज क्षेत्र में रहते हैं। परिवार के सदस्य भी इसी क्षेत्र से मतदाता हैं।
हुजूर: रामेश्वर शर्मा
भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। वे इसी क्षेत्र के मतदाता हैं।
मध्य: सिंह द. पश्चिम से तो मसूद उत्तर के वोटर
भाजपा प्रत्याशी और विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह का वोटर कार्ड दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र की वोटर लिस्ट संख्या 54 में 449 पर दर्ज है। कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ मसूद उत्तर विधानसभा के वोटर हैं। उनका वोटर कार्ड उत्तर विस क्षेत्र की वोटर लिस्ट भाग संख्या 83 के 532 पर दर्ज है।
गोविंदपुरा: कृष्णा द. पश्चिम में करेंगी मतदान
भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गौर दक्षिण- पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की वोटर हैं। उनका वोटर कार्ड भाग क्रमांक 158 के 63 नंबर पर दर्ज है। उधर, कृष्णा के प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश शर्मा गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के निवासी और मतदाता हैं।
Published on:
19 Nov 2018 10:03 am
