
भोपाल। एक नवंबर यानी कल मंगलवार को मध्यप्रदेश अपना स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। प्रदेश के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर भोपाल के लाल परेड मैदान पर आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। देशभर से 400 से ज्यादा कलाकार इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस बार एमपी का स्थापना दिवस कार्यक्रम कई मायनों में बेहतरीन और अनूठा साबित होगा। आप भी पढि़ए और कल इस कार्यक्रम में शामिल होने का गौरव प्राप्त कीजिए।
शंकर एहसान लॉय देंगे प्रस्तुति
प्रदेश के स्थापना दिवस कार्यक्रम में पहली बार 3डी मैपिंग का प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें एक साथ देश की कई संस्कृति नजर आएंगी। रविवार को लाल परेड मैदान पर फुल लाइट रिहर्सल की गई। एक नवंबर के कार्यक्रम में मशहूर संगीतकार शंकर एहसान लॉय की तिकड़ी भी प्रस्तुति देगी और म्यूजिक कंसर्ट करेगी। वहीं दूसरी ओर शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से भगवान शिव की आलौकिक महिमा का मंचन भी किया जाएगा।
ये भी देखें: आज अलग-अलग अंदाज में दिखे सीएम
एक सप्ताह तक होंगे ये कार्यक्रम
प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर हो रहे कार्यक्रम प्रदेशभर में पूरे एक सप्ताह तक आयोजित किए जाएंगे। 1 नवंबर से 7 नवंबर तक आप इन कार्यक्रमों के गवाह बन सकेंगे। प्रदेश में जगह जगह स्थापना दिवस पर स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। साथ ही सभी सरकारी और ऐतिहासिक भवनों को रोशनी से जगमग किया जाएगा। राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम लाल परेड मैदान पर शाम 7 बजे से शुरू किया जाएगा।
ये कार्यक्रम बढ़ाएंगे प्रदेश का गौरव
सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सरकारी और निजी संस्थानों में भी स्थापना दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 01 नवंबर को जहां भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 02 नवंबर को लाड़ली लक्ष्मी योजना का कार्यक्रम होगा। 03 नवंबर को स्वच्छता कार्यक्रम, ऐतिहासिक महापुरुषों की प्रतिमाओं समेत प्रमुख स्थलों पर 67 दीप प्रज्जवलित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 04 नवंबर को रोजगार दिवस कार्यक्रम और एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम होगा। तो 05 नवंबर को मध्यप्रदेश के गौरव के लोकनृत्य, नाटक आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 06 नवंबर को प्रदेश में वन्य जीवों की सुरक्षा, ऊर्जा पर्यावरण, जल संरक्षण संबंधी कार्यक्रम किए जाएंगे। वहीं 07 नवंबर को कार्यक्रमों के अंतिम दिन जगह जगह जन सेवा अभियान, सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
Updated on:
31 Oct 2022 05:29 pm
Published on:
31 Oct 2022 05:28 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
