
MP Calender 2024 : मोहन सरकार के कैलेंडर में छाया राम मंदिर, दिखाया कैसे 'मोदी के मन में है एमपी'
मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा साल 2024 का कैलेंडर जारी कर दिया है। जारी हुए कैलेंडर में पूरी तरह अयोध्या का राम मंदिर ही छाया हुआ है। नए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पहले बनाए गए इस कैलेंडर की नई रूपरेखा तैयार करा ली है। कैलेंडर में जनवरी महीने के पन्ने पर अयोध्या का भव्य राम मंदिर बना हुआ है। यही नहीं राम मंदिर की तस्वीर के एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री मोहन यादव की तस्वीर दिखाई दे रही है। साथ ही लिखा है- श्री राम मंदिर, अयोध्या- भारत की धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत का अभ्युदय।
दरअसल 2024 के इस कैलेंडर को धर्म और विकास की थीम पर बनाया गया है। कैलेंडर की विशेष बात ये भी है कि इसमें हर महीने के पन्ने पर आपको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की तस्वीर दिखाई देगी। आइये जानते हैं फरवरी के बाद हर महीने के पेज पर किस त्सवीर को स्थान दिया गया है।
किस महीने में किस तस्वीर को मिला स्थान, जानें
जनवरी के बाद फरवरी की बात करें तो समरसता और समता का संदेश देने के लिए संत रविदास स्मारक का प्रोजेक्शन आपके इस महीने पेज पर दिखाई देगा। मार्च में विकसित भारत संकल्प यात्रा की तस्वीर लगाई है। इसमें मोदी सरकार की गारंटी को विशेष रूप से दर्शाया गया है। अप्रैल में नवनिर्माण के आरंभ पर्व नव संवत्सर और गुड़ी परवा के साथ विक्रम सम्वत शुरू करने वाले न्याय और सुशासन की प्रतिमूर्ति महाराजा विक्रमादित्य की तस्वीर लगी है।
मई महीने में उज्जैन के श्री महाकाल लोक में महाकालेश्वर मंदिर परिसर को भव्यता के साथ दर्शाया गया है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को जून के महीने में मुस्कराती स्कूली छात्राओं की तस्वीर के साथ दिखाया गया है। हर घर जल जल जीवन मिशन से कैसे गरीबों का जीवन बदला है इसके लिए जुलाई महीने के पन्ने को चुना गया है। लाखों लोगों की जिंदगी बदलने वाली राजगढ़ की मोहनपुरा कंडालिया सिंचाई परियोजना को अगस्त महीने में तस्वीर के जरिये दिखाया गया है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच साल पहले मोहनपुरा में इस परियोजना का लोकार्पण किया था। परियोजना से करीब 1.35 लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई होती है।
कैलेंडर में किसानों के लिए सितंबर महीने का पन्ना दिया गया है। पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का जिक्र इसी पेज पर किया गया है। अक्टूबर का महीना सीएम राईज स्कूल के लिए है तो फिर नवंबर में आयुष्मान कार्ड के साथ आयुष्मान भारत योजना को विशेष तौर पर दिखाया गया है। साल के आखिरी महीने दिसंबर में खुशहाल सब्जी विक्रेता की तस्वीर के साथ पीएम स्वनिधि योजना दिखाई गई है।
Published on:
11 Jan 2024 08:00 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
