
BJP big action jp nadda: विवादित बयानों पर गंभीर बीजेपी का राष्ट्रीय नेतृत्व, एक्शन लेने के निर्देश
MP News: विजय शाह के विवादित बयान से शर्मिंदगी का सामना कर रही भाजपा अब ऐसे विधायकों और नेताओं पर सख्ती के मूड में नजर आ रही है, जो अपने बड़बोलेपन और बगावत के सुर बोलकर पार्टी के लिए बार-बार मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इस मामले पर गंभीरता जाहिर की है। वहीं देश के सभी प्रदेश संगठनों को इस संदर्भ के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मामले को लेकर पार्टी अध्यक्षों से बात की है। उनसे कहा गया है कि जो भी बेलगाम बोलते हैं, बगावती सुर उगल रहे हैं, उन पर सख्ती से एक्शन लें। नाराज आलाकमान ने साफ किया है कि इस तरह की बदजुबानी या अनुशासनहीनता अब स्वीकार नहीं की जाएगी। इसी कड़ी में उन्होंने एमपी बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की भी क्लास लगा दी है। जिसके बाद आशंका जताई जा रही है कि मध्य प्रदेश के कई नेता अगर अब भी नहीं संभले तो इस एक्शन की भेंट चढ़ सकते हैं।
विवादित बयानों के कारण विरोध झेल रही भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की भी क्लास लगा दी। नड्डा ने उन्हें ऐसे नेताओं पर लगाम कसने के निर्देश दिए हैं, जो पार्टी के खिलाफ बोलते हैं और बेलगाम विवादित बयानबाजी करते हैं।
दरअसल मध्य प्रदेश में मंत्री विजय शाह का मामला इसका ताजा उदाहरण है, वहीं इससे पहले भी यहां पार्टी विधायक और नेताओं की अनरगल बयानबाजी का खामियाजा पार्टी को अक्सर भुगतना पड़ा है।
1. -- पिछले दिनों की ही बात करें तो पार्टी के कई विधायक ऐसे हैं जो अपनी ही पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करते नजर आए हैं। गुना से विधायक पन्नालाल शाक्य अपनी परेशानी बताते हुए अचानक पार्टी के खिलाफ सुर बोल गए, उन्होंने कहा, प्रशासन उन्हें गंभीरता से नहीं लेता, सिर्फ कुछ खास नेताओं की ही सुनी जाती है। उन्होंने पार्टी पर आरोप लगाया कि वे एससी वर्ग से आते हैं, इसलिए उनकी आवाज दबा दी जाती है।
2.-- शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन भी पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा चुके हैं। पिछोर विधायक प्रीतम लोधी भी स्थानीय प्रशासन और प्रभारी मंत्री के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं।
3.-- सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह और मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ने आरोप लगाया था कि उन्हें पुलिस की ओर से लगातार धमकियां मिल रही हैं।
4.-- पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह भी अपनी ही पार्टी भाजपा और कांग्रेस दोनों पर आरोप लगाते हुए कहा था कि दोनों ही उनके खिलाफ कोई साजिश रच रहे हैं।
Updated on:
20 May 2025, 11:26 AM IST
Published on:
20 May 2025, 11:26 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.