
MP UPSC Toppers CM mohan Yadav Samvad in shortly(photo: patrika file photo)
MP UPSC Toppers: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में इस बार मध्य प्रदेश से कुल 61 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। देशभर में मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाले इन 61 सफल अभ्यर्थियों से आज सोमवार 23 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधे संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी भोपाल में आयोजित किया जा रहा है। यहां चयनित अभ्यर्थियों का सम्मान भी किया जाएगा और उनकी सफलता की कहानियां सुनने का मौका मिलेगा।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को सफलता के मंत्र नाम दिया गया है। कार्यक्रम का आयोजन शहर के प्रतिष्ठित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में किया जा रहा है। यहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे चयनित अभ्यर्थी अपनी तैयारी का अनुभव, संघर्ष के दौर और सफलता तक पहुंचने की पूरी यात्रा मुख्यमंत्री के साथ साझा करेंगे। माना जा रहा है कि यह संवाद केवल सम्मान कार्यक्रम तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में यूपीएससी की तैयारी करने वाले हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का मंच भी बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तैयार की गई 'प्रतिभाओं का परचम' पुस्तिका और उसके डिजिटल संस्करण का भी विमोचन करेंगे। इस पुस्तिका में प्रदेश के सफल अभ्यर्थियों की प्रोफाइल, उनकी तैयारी की रणनीति, पढ़ाई का तरीका और सफलता से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव शामिल किए गए हैं। इससे आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को सीधा मार्गदर्शन मिल सकेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को राज्य सरकार की उस पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें सरकारी स्तर पर प्रतिभाशाली छात्रों को मंच देने और उन्हें आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
प्रदेश में हाल के वर्षों में यूपीएससी में चयनित छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह संवाद कार्यक्रम न केवल सफल अभ्यर्थियों का सम्मान है, बल्कि उन युवाओं को भी संदेश देने की कोशिश है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के बाद राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच एक नया उत्साह देखने को मिल सकता है।
Updated on:
23 Mar 2026 08:57 am
Published on:
23 Mar 2026 08:55 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
