
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का सोमवार से दूसरा चरण शुरू हो गया। विधानसभा के अध्यक्ष गिरीश गौतम के खिलाफ विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाने पर हुए हंगमे के बाद सत्र को स्थगित कर दिया गया था। इस सत्र में बजट 2023-24 पर चर्चा बाकी है।
27 फरवरी से 27 मार्च तक चलने वाले इस सत्र की सोमवार को 6वीं बैठक है। राज्यपाल के अभिभाषण और बजट पर बचे हुए मुद्दों पर चर्चा होने वाली है। बजट सत्र की कार्यवाही के 8 दिन बाकी हैं। इससे पहले विपक्ष की ओर से विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के दौरान हुए हंगामे के बाद सदन को स्थगित कर दिया गया था।
गौरतलब है कि सत्ता पक्ष की ओर से जीतू पटवारी पर सदन में बार-बार झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए विधानसभा अध्यक्ष से उन्हें पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित करने की मांग की गई थी। इसके बाद जीतू पटवारी को पूरे बजट सत्र यानी 27 मार्च तक की बैठकों से निलंबित कर दिया गया था। इधर, कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के निलंबन और किसानों के मुद्दे पर सदन में हंगामे के आसार हैं।
Live Updates
3.05 pm
प्रश्नकाल के दौरान महेश्वर से कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधो ने सीएम कन्या विवाह योजना में नकली जेवर बांटने का मुद्दा उठाया। इस पर गोपाल भार्गव ने बीच में ही जवाब दिया तो साधो बोलीं यह उस विभाग के मंत्री नहीं है। इस पर संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जांच का भरोसा दिया। तरुण भनोट बोले कैबिनेट मंत्री मीना सिंह के क्षेत्र में नकली जेवर बंट रहे थे। मीना सिंह बोलीं- यदि सामान में गड़बड़ी थी तो हमने वितरित नहीं होने दिया। मीना ने विजयलक्ष्मी साधो पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके क्षेत्र में इनकी सहमति से गड़बड़ सामान वितरित हुआ। इस पर कांग्रेस विधायक तरुण भनोट ने कहा कि मंत्री ने खुद स्वीकार कर लिया है कि सामान खरीदी में गड़बड़ी हुई है। इस पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जिन बिन्दुओं पर आपत्ति है लिखकर दे दीजिए। साधों ने कहा कि आप बहन-बहन कहते हैं तो बहन को जांच में शामिल करने में क्या दिक्कत है। विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामे पर कहा कि संसदीय कार्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि जब जांच हो तो विधायक जी को बुला लेना।
3.10 pm
सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने अंग्रेजी से अपनी बात शुर की फिर वे हिन्दी में बोलने लगे।
इस पर नरोत्तम मिश्रा कुर्सी से उठे और सभापति से बोले अभी इन्होंने सिर्फ दो भाषाएं बोली हैं, आप कहें तो संस्कृत में भी बोल सकते हैं।
1.40 pm
सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित।
1.30 pm
यह संप्रभुता पर गैर जिम्मेदार हमला है
इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डाक्यूमेंट्री भारत की संप्रभुता पर गैर जिम्मेदार हमला है। इसका मकसद भारत के संविधान को कमजोर करना है।
01.00 pm
विधानसभा में बीबीसी की डाक्युमेंट्री का मुद्दा भी उठा। सदन में इसकी निंदा की गई। भाजपा विधायक शैलेंद्र जैन ने सदन में संकल्प पेश किया था। जैन ने आरोप लगाया कि बीबीसी ने डाक्यूमेंट्री में असत्य और बेबुनियाद तथ्यों को शामिल कर डाक्यूमेंट्री का प्रचार किया है। इस डाक्यूमेंट्री में साल 2002 की घटना को गलत तरीके से दिखाया गया है।
भाजपा विधायक जैन ने कहा है कि 24 जून 2022 के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को भी अनदेखा करते हुए बीबीसी ने डाक्यूमेंट्री प्रसारित की है। यह सीधे तौर पर कोर्ट की अवमानना है। सदन इसकी निंदा करता है।
11.00 AM
विधानसभा की कार्यवाही शुरू।
10.45 AM
कांग्रेस सदन के भीतर भी हंगामा कर सकती है। कांग्रेस ने आज राजभवन का घेराव करने की भी तैयारी की है।
10.35 AM
सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के विधानसभा पहुंचने का सिलसिला शुरू।
10.30 AM
विधानसभा के बजट सत्र का आज 6वां दिन है। 17 फरवरी से शुरू हुई विधानसभा 27 मार्च तक चलेगी। इस दौरान 13 बैठकें होंगी।
निलंबित करना अलोकतांत्रिक
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जीतू पटवारी को निलंबित किए जाने की कार्रवाई को अलोकतांत्रिक कदम बताया था। कमलनाथ ने कहा था कि विधानसभा अध्यक्ष को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। एक तरफा कार्रवाई विधानसभा की उच्च परंपराओं के अनुकूल नहीं हैं। नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह ने कहा था कि भाजपा के दबाव में जीतू पटवारी को निलंबित किया गया। कांग्रेस सलाह-मशविरे के बाद इस मुद्दे पर कोर्ट जाएगी। कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करवा रही है। पटवारी को मुख्यमंत्री के इशारे पर निलंबित किया गया है।
कांग्रेस आज करेगी राजभवन का घेराव
इधर, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस सोमवार को राजभवन का घेराव करने वाली है। कांग्रेस कार्यकर्ता जवाहर चौक पर एकत्र होंगे और राजभवन तक मार्च करने जाएंगे। इस दौरान इस क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था बदली हुई रहेगी। इस क्षेत्र में जाम के भी हालात बन सकते हैं।
Updated on:
13 Mar 2023 05:31 pm
Published on:
13 Mar 2023 11:09 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
