
भोपाल। 27 मार्च तक चलने वाली विधानसभा में हर दिन विपक्ष की तरफ से हंगामा किया जा रहा है। गुरुवार को 9वां दिन है। इस दिन अनुपूरक बजट पर चर्चा के लिए समय तय किया गया है। विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। इधर, कल महू में हुए बवाल का मुद्दा भी गर्मा गया है। विपक्ष ने यह मुद्दा सदन में उठा दिया है। इस मुद्दे को लेकर दोनों ही दल आमने-सामने नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक तरफ इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं, वहीं कमलनाथ ने इस घटना को लेकर कहा है कि मध्यप्रदेश में जंगल राज है यह साबित हो गया है।
मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का गुरुवार को 9वां दिन है। यह विधानसभा 27 मार्च तक चलेगी। 1 मार्च को सरकार ने साल 2023-24 के लिए बजट पेश किया था। इसके बाद 15 मार्च को सरकार ने अनुपूरक बजट पेश कर दिया। इस पर गुरुवार को चर्चा के लिए विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने समय तय किया है। माना जा रहा है कि इस अनुपूरक बजट पेश करने पर भी सरकार को विपक्ष घेर सकता है। गौरतलब है कि 27 फरवरी से शुरू हुए विधानसभा के बजट सत्र में हर दिन प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाए हुए है। गुरुवार को सदन में महू में हुए बवाल का मुद्दा भी उठ गया है। विपक्ष सरकार को घेरने में जुट गया है।
यह भी पढ़ेंः
देखें Live Updates
1.30 pm
गृहमंत्री ने दिया विधानसभा में बयान
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सदन में इस मुद्दे पर जवाब देते हुए कहा कि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवती की मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस ने भीड़ से बचने के लिए फायरिंग की। इसमें युवक की जान चले गई। मृतक के परिवार को चार लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
सदन में गृहमंत्री ने यह भी कहा कि दो बातें सामने आ रही हैं। आरोपी यदुनंदन पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ बिटिया रहती थी। पानी गर्म करने वाली रॉड से करंट लगने से युवती की मौत होने की बात सामने आई है। सीएम ने न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।
1.15 pm
नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह ने कहा कि पुलिस को कमर के नीचे गोली चलाने के निर्देश होते हैं, लेकिन सीने में गोली मार दी गई। महेश्वर से कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधो का कहना है कि FIF में तीन घंटे का गैप है। लाठीचार्ज कर सकते थे, सीधे गोली मार दी गई। गहमागहमी और हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक सदन के गर्भगृह में पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए वाकआउट कर दिया।
पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कहा कि लड़की की मां सीधे आरोप लगा रही है कि बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। गृहमंत्री ने लड़की का चरित्र चित्रण पहले से कर दिया कि वह लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। मामा आदिवासियों के हितौषी बनकर ढोंग रच रहे हैं।
1.05 pm
लटेरी कांड जैसा करेंगे
सदन में कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि लटेरी कांड में जांच कमेटी बनी थी, समय पूरा हो गया, फिर समय बढ़ा दिया गया। इस बार भी कमेटी बना दी है, यहां भी समय बढ़ा देंगे। दोनों मृतक परिवार को एक-एक करोड़ रुपए, सरकारी नौकरी की मांग की है तो गृहमंत्री मौनी बाबा बनकर बैठ गए।
आदिवासी नेता एवं मनावर से विधायक हीरालाल अलाव ने कहा कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया, चाहे गृहमंत्री ही क्यों न हो, उन पर कार्रवाई होना चाहिए। यह आदिवासी बर्बरता का बड़ा उदाहरण है, इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
12.30 PM
आदिवासी लड़की की हत्या और पुलिस की गोली बारी में एक युवक की मौत पर सदन में जमकर हंगामा। विपक्ष ने की नारेबाजी।
12.10 PM
महू में आदिवासी युवती से गैंगरेप के बाद हत्या के मुद्दे पर जमकर हुआ शोर शराबा।
12.08 PM
ये आदिवासियों पर अत्चाचार है
कांग्रेस विधायक विजय लक्ष्मी साधो ने कहा कि आदिवासियों के साथ अत्याचार हो रहा है। उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही है। साधो ने कहा कि सरकार ने पुलिस के साये में सुबह-सुबह युवती का अंतिम संस्कार क्यों करा दिया, परिवार के लोग हत्या बता रहे हैं जबकि सरकार हत्या मानने को तैयार नहीं है।
आदिवासियों के मुद्दे पर कमलनाथ ने कहा है कि मध्यप्रदेश में आदिवासी अत्याचार बढ़े हैं। एनसीआरबी के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि मजिस्ट्रेट जांच की एक समय सीमा तय कर दी जाए।
12.05 PM
महू में कांग्रेस का जांच दल
इस बीच कांग्रेस के मीडिया विभाग की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि आदिवासी युवती की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या के बाद महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र की डोंगरगांव पुलिस चौकी पर पुलिस और आदिवासियों में हुए संघर्ष की घटना और उसमें कथित तौर पर पुलिस की गोली से एक आदिवासी की मृत्यु के मामले में पीसीसी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर काग्रेस के आदिवासी विधायकों का दल घटनास्थल पर जांच के लिए रवाना हो गया है।
जांच दल में कांतिलाल भूरिया, बाला बच्चन, झूमा सोलंकी और पाचीलाल मेड़ा शामिल हैं। इंदौर के प्रभारी महेंद्र जोशी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। यह दल घटना की सच्चाई पता करेगा और पीड़ित लोगों से बातचीत करेगा। दल अपनी रिपोर्ट कमलनाथ जी को सौंपेगा।
12.02 PM
महू में गैंगरेप के बाद हत्या और पुलिस की गोली से एक युवक की मौत मामले में विपक्ष ने की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी।
12.01 AM
महू में क्या हुआ था कल
महू में हुए आदिवासी युवती की गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में आक्रोशित आदिवासी समुदाय के लोगों ने बुधवार रात को डोंगरगांव चौकी पर पथराव कर दिया था। पुलिस को बचाव करने में आंसूगैंस के गोले छोड़ने पड़े और फायरिंग भी करनी पड़ी। इस फायरिंग में एक युवक की मौत भी हो गई। यह सभी प्रदर्शन कारी युवती का शव रखकर प्रदर्शन करने आए थे। तभी आक्रोशित हो गए थे। इस घटना के बाद इंदौर जिले के कलेक्टर ने महू में धारा 144 लगा दी है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। हालांकि इस घटना के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहले ही न्यायिक जांच के आदेश दे दिए थे।
11.55 AM
सदन में नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह ने प्रश्नकाल में उठाया महू में हुई आदिवासी युवती की मौत का मामला। आज सुबह ही कमलनाथ ने कांग्रेस नेताओं का जांच दल गठित किया है। सुबह ही नेताओं ने पहुंचकर मामले की जानकारी ली है।
11.40 AM
आदिवासी युवती की मौत का मामला गूंजा
10 मिनट बाद सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस सदस्यों ने आदिवासी महिला की हत्या का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती के साथ दुष्कर्म हुआ है और पुलिस ने गुरुवार को सुबह-सुबह ही उसका दाह संस्कार करा दिया।
11.30 AM
लाखन सिंह यादव ने आरोप लगाया कि मिलीभगत कर राशन संचालक गड़बड़ी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच समिति में विधायक को भी शामिल किया जाए। लेकिन इसके लिए सरकार तैयार नहीं हुई। इसे लेकर विपक्षी दल के अन्यसदस्यों ने भी कहा कि सरकार विपक्ष के विधायक को शामिल करें।
सरकार इसके लिए तैयार नहीं हुई तो इसे लेकर सदन में जमकर हंगामा होने लगा। हंगामा बढ़ते देख विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
11.10 AM
राशन वितरण गड़बड़ी के आरोप
राशन दुकानों में घोटाले को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी की शिकायत और जांच न होने पर कांग्रेस विधायकों ने सरकार की घेराबंदी की। कांग्रेस विधायक लाखन सिंह यादव ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत निशुल्क वितरण किए जाने वाले अनाज का वितरण नहीं हुआ है, इसकी जांच की जाए।
11.00 AM
विधानसभा की कार्यवाही शुरू।
10.56 AM
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा विधानसभा में उठाएंगे महू का मुद्दा। गैंगरेप के बाद आदिवासी युवती की हत्या हुई है। पुलिस की फायरिंग में युवक की मौत भी हुई है। हमारी टीम जानकारी जुटा रही है। इस आधार पर विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा।
10.55 Am
माना जा रहा है कि विधानसभा में मध्यप्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अपराध का मुद्दा भी गर्मा सकता है। 11 बजे शुरू होगी विधानसभा की कार्यवाही।
10.50 AM
कमलनाथ ने सुबह ही ट्वीट कर मध्यप्रदेश में जंगल राज बताया है। कमलनाथ ने महू में आदिवासी युवती की गैंगरेप के बाद हत्या और थाने पर पथराव और फायरिंग के बाद एक युवक की हत्या के बाद जांच दल गठित किया है। कांग्रेस का यह जांच दल सुबह महू पहुंच भी गया है।
10.45 AM
विधानसभा में आज भी हंगामे के आसार। विपक्ष अनुपूरक बजट, समेत प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी घेरने की तैयारी में।
10.30 AM
विधानसभा में भाजपा और कांग्रेस के विधायकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू।
10.25 AM
मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का 9वां दिन
यह भी पढ़ेंः
कैसा रहा 8वां दिन
बजट पर चर्चा में बुधवार को कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि 2018 में तत्कालीन वित्त मंत्री जयंत मलैया ने बजट भाषण में कहा था कि 2025 तक प्रदेश में 80 लाख हैक्टेयर सिंचाई क्षमता कर देंगे। 2023 के बजट में वित्त मंत्री कह रहे हैं कि 2025 तक 65 लाख हैक्टेयर कर देंगे। ये क्या है? कम कैसे हो गया?
भाजपा विधायक सीतासरण शर्मा ने कहा कि पंद्रह महीने की सरकार ने आकर गड़बड़ कर दी, इसलिए कम हो गया। जयवर्द्धन ने कहा कि हर साल 80 हजार करोड़ का कर्ज का ब्याज दे रहे हैं। ये सबसे बड़ा खतरा है। प्रदेश में पहली बार ग्राम पंचायतों में आवासीय टैक्स लगा दिया गया है। इसे वापस लिया जाए। सरकार चाइल्ड बजट लाती है, लेकिन बच्चे उसी सरकार के समय कुपोषण का शिकार हो रहे हैं। इस बीच भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि 15 माह की सरकार ने आकर गड़बड़ की है। उसके समय की गलतियों के कारण प्रदेश पीछे हुआ।
चर्चा में कांग्रेस विधायक विनय सक्सेना ने कहा कि बीते एक साल में 26 फीसदी भ्रष्टाचार प्रदेश में बढ़ा है। यह खुलासा लोकायुक्त ने किया है। चंद अधिकारी यहां बड़े-बड़े काम कर रहे हैं। भ्रष्टाचार सिर चढ़कर बोल रहा है, इसलिए कमलनाथ कहते हैं कि ये कलाकारी की सरकार है। विनय ने कहा कि 220 योजनाएं ऐसी हैं, जिसमें सरकार ने पैसा नहीं दिया। आयुष्मान योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। जबलपुर संभाग में 139 अस्पतालों में गड़बड़ी हुई। बड़े अधिकारियों को क्यों बचाया जा रहा है। विधायक आशीष शर्मा, सूबेदार सिंह, अनिरुद्ध मारू सहित अन्य विधायकों ने भी चर्चा में भाग लिया।
Updated on:
16 Mar 2023 02:39 pm
Published on:
16 Mar 2023 11:11 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
