
नितेन्द्र राठौर कांग्रेस से पृथ्वीपुर उम्मीदवार घोषित, खण्डवा से नाम भी लगभग तय, दो सीटों पर मंथन
भोपाल। प्रदेश में होने वाले उप चुनावों में उम्मीदवार घोषित किए जाने के मामले में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। कांग्रेस ने पृथ्वीपुर विधानसभा से नितेन्द्र सिंह राठौर को उम्मीदवार घोषित किया है। प्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा में होने वाले उप चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर शनिवार की सुबह मंथन हुआ और देर शाम इनके नाम का एलान कर दिया। अन्य सीटों पर नामों पर विचार जारी है। नितेन्द्र पूर्व मंत्री स्व. बृजेन्द्र सिंह राठौर के पुत्र हैं। बृजेन्द्र राठौर के निधन के कारण ही यह सीट रिक्त हुई है।
प्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव के लिए कांग्रेस में शनिवार को बैठकों का दौर चलता रहा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सुबह वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठे और शाम को फिर बैठक हुई। खण्डवा लोकसभा सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव का नाम भी लगभग तय है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे अरुण यादव पूर्व में खण्डवा लोकसभा सीट से सांसद भी रहे चुके हैं। दो अन्य विधानसभा सीटों रैगांव और जोबट के पर पेंच है। सूत्रों का दावा है कि एक-दो दिन में उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया जाएगा।
कमलनाथ बोले, शीघ्र ही होंगे नाम घोषित -
कमलनाथ ने कहा कि हमें जीतने वाला उम्मीदवार चाहिए, हमने सर्वे कराएं है। सभी से विचार-विमर्श किया है। शीघ्र ही हम हमारे प्रत्याशी घोषित करेंगे। आज प्रश्न उपचुनाव का नहीं है आज जो चुनाव सामने हैं वो देश की संस्कृति को बचाने, प्रदेश को बचाने के लिए है। प्रदेश में अपराध बढ़े हैं, आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में प्रदेश नम्बर वन है। एनसीआरबी की रिपोर्ट इसकी गवाह है। किसानों की आत्महत्या में प्रदेश नम्बर एक पर है। हम आज नारा लगाते हैं जय जवान-जय किसान लेकिन आज हमारा आज हमारा किसान कहां खड़ा है। यह हमें देखना होगा। कमलनाथ ने कहा कि आज क्या हालत है, उन्होंने पहले 15 साल में भी हजारों घोषणाए की, आज भी झूठ बोलकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने में लगे हुए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि मध्य प्रदेश की जनता अपना भविष्य सुरक्षित रखने के लिए कांग्रेस का व सच्चाई का साथ देगी।
Published on:
03 Oct 2021 12:44 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
