
MP की यह यूनिवर्सिटी करवा रही ऑनलाइन पढ़ाई, जल्द ही कोर्स हो जाएंगे पूरे
भोपाल. मध्यप्रदेश भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय की ओर से लॉकडाउन के मद्देनजर विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए बीते 18 अप्रेल से शुरू की गईं ऑनलाइन कक्षा में मई के पहले सप्ताह तक लगभग डेढ़ सौ कक्षाएं संचालित की जा चुकी है। हर दिन बीए, बीएससी और बीकॉम की छह से अधिक कक्षाएं संचालित की जा रही है। विवि द्वारा पहले, दूसरे व अंतिम वर्ष के ऑनलाइन कोर्स मई माह के अंत तक पूरे भी कर लिए जाएंगे।
प्रदेशभर के बच्चे ले रहे लाभ
विवि के कुलसचिव डॉ. एचएस त्रिपाठी ने बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह से अब तक एक लाख से भी अधिक बच्चे इन कक्षाओं में का लाभ ले रहे हैं। साथ ही पाठ्यक्रम समान होने के कारण हर दिन ऑनलाइन कक्षाओं में भोज विवि के अलावा अन्य विश्वविद्यालयों व प्रदेश भर के महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी लाभान्वित हो रहे है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसे लेकर विवि गंभीर है और यही वजह है कि ऑनलाइन कक्षाओं के साथ-साथ विवि की ओर से जल्द ही ऑनलाइन प्लेसमेंट की भी सुविधा मुहैया करने की योजना बनाई जा रही है।
दूरदर्शन के जरिए लेक्चर का प्रसारण
भोज विवि की वजह से प्रदेश के एक दर्जन विश्वविद्यालयों के करीब 12 लाख विद्यार्थियों की पढ़ाई दूरदर्शन भोपाल (डीडी एमपी) से हो रही है। प्रदेश के समस्त विवि का पाठ्यक्रम एक समान हैं। इसलिए भोज विवि ने दूरदर्शन मध्यप्रदेश से अनुबंध कर रात आठ से दस बजे का स्लॉट वीडियो लेक्चर के प्रसारण के लिए निर्धारित कर लिया था। इसके तहत बी.एससी. प्रथम वर्ष के वीडियो लेक्चर 19 अप्रैल से चार मई के बीच प्रसारित भी किए जा चुके हैं।
Updated on:
16 May 2020, 12:59 AM IST
Published on:
16 May 2020, 12:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.