
अस्पताल में मरीजों को मिलेगा विशेषज्ञ डॉक्टरों का लाभ
भोपाल/मंडीदीप. नगर के मजदूर वर्ग और गरीब तबके के जरूरतमंदों को नेत्र विकार एवं हर्निया सहित अन्य बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए अब भोपाल नहीं जाना पड़ेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
सिविल अस्पताल गाइड लाईन की सभी सुविधाएं भी अब एक ही छत के नीचे मिलेंगी। दरअसल यह संभव हुआ है सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को सिविल हॉस्पिटल में अपग्रेड करने से। सामुदायिक अस्पातल के पीछे सिविल अस्पताल के लिए भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र की करीब दो लाख आबादी को लाभ मिलेगा। सामुदायिक अस्पताल से नगर समेत 62 गांव की आबादी जुड़ी हुई है।
30 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में औसतन चार सौ मरीज रोज आते हैं, लेकिन यहां चिकित्सा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा की कमी के चलते उन्हें राजधानी के निजी नर्सिंग होम का सहारा लेना पड़ता है। लोगों की इस परेशानी को देखते हुए स्थानीय लोग लम्बे समय से इस अस्पताल को सिविल बनवाने की मांग कर रहे थे। प्रदेश की पूर्व सरकार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को सिविल अस्पताल में अपग्रेड करने का निर्णय लिया था।
50 बिस्तर होंगे
सिविल हॉस्पिटल बनने से 50 बिस्तरों का अस्पताल बन जाएगा। डॉक्टरों की संख्या बढऩे के साथ ही उपकरणों और संसाधनों में भी बढ़ोत्तरी होगी। व्यापारी हरीश वासवानी का कहना है कि सिविल अस्पताल बनने से यहां विशेषज्ञ होंगे, जिससे हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
यह सुविधाएं मिलेंगी
हड्ड़ी, सर्जन, नेत्र, निश्चेतना शिशु रोग मेडिकल, ईएनटी, पीडिया गायनी एवं मेडीसिन, समेत अन्य सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलेंगी। ड्रेसर, वार्ड ब्वाय, लैब अटेंडर समेत अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की भी जरूरत पूरी होगी। ब्लड स्टोरेज यूनिट की जगह ब्लड बैंक की सुविधा मिलने लगेगी।
मंडीदीप में सिविल अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, भवन बनने के बाद यहां रोगियों को सिविल अस्पताल की सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी।
डॉ. केपी यादव, बीएमओ औबेदुल्लागंज
मंडीदीप के सीएचसी को सिविल हॉस्पिटल में अपग्रेड करने का निर्णय केबिनेट में लिया गया था। निर्माण कार्य शुरु कर दिया गया है। यहां सिविल गाइड लाइन के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराईं जाएंगी।
सुरेंद्र पटवा, भोजपुर विधायक
Published on:
24 May 2019 11:24 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
