scriptप्रदेश अध्यक्ष बोले- कांग्रेस की अंदरुनी लड़ाई देख सरकार के भविष्य का अंदाजा लगाएं, VIDEO | patrika special interview bjp state president vd sharma | Patrika News

प्रदेश अध्यक्ष बोले- कांग्रेस की अंदरुनी लड़ाई देख सरकार के भविष्य का अंदाजा लगाएं, VIDEO

locationभोपालPublished: Feb 26, 2020 02:32:22 pm

Submitted by:

Manish Gite

मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से खास बातचीत

vd_1.jpg

vd sharma

भोपाल। प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष वीडी शर्मा ( vd sharma ) का कहना है कि गुटबाजी की भाजपा में कोई गुंजाइश नहीं है। यहां सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करते हैं। उन्होंने पत्रिका से चर्चा में कहा कि भाजपा का काम न कभी सरकार गिराना रहा है न ही कोई प्रयास किए गए। जिस प्रकार की अंदरुनी लड़ाई सरकार के भीतर है, उससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि सरकार का भविष्य क्या है।

 

प्रश्नः पार्टी ने आपको बड़ी जिम्मेदारी दी है, सड़क से संसद तक आप कैसे मैनेज करेंगे?
उत्तरः भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है। कैडरबेस आर्गनाइजेशन होने के नाते व्यक्ति प्रमुख तो होता है, लेकिन भाजपा में संगठन ही सबकुछ है, जो सबसे नीचे का कार्यकर्ता है, हमारा काम करने वाला तंत्र है, यही भाजपा की सबसे बड़ी भूमिका निभाने वाला तंत्र है। मैं अध्यक्ष हूं, लेकिन कार्यकर्ता के नाते काम करता हूं। तो भाजपा का कार्यकर्ता सशक्त और सक्षम है। एमपी में आज से नहीं यह मध्यप्रदेश पूरे देश में एक आदर्श काम के तौर पर जाना जाता है। कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, प्यारेलाल खंडेलवाल, सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी ऐसे लोगों ने यह संगठन खड़ा किया है। इसलिए इस दिशा में यह मानता हूं कि सड़क से लेकर संसद तक कहीं भी कोई भी चीजें आती हैं, तो भाजपा का हमारा नेतृत्व और कार्यकर्ता है, वो सक्षम, तत्पर और तैयार है, जो किसी भी चुनौती और समस्या से निपटने के लिए आगे बढ़कर भाजपा को आगे ले जाने के लिए प्रयास करेगा।

 

vd.jpg

 


प्रश्नः कांग्रेस कहती है कि बीजेपी भी गुटों में बंट गई है। आपको शिवराजजी के गुट का खास माना जाता है?

उत्तरः बीजेपी कभी गुटों में काम नहीं करती। हम कैडर बेस आर्गनाइजेशन है। यह बीजेपी ही है जहां गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। सामान्य बूथ का कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। गांव किसान का बेटा बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। यह बीजेपी में ही हो सकता है। बीजेपी में कोई गुट नहीं है। कांग्रेस में ही है ऐसा होता है। मनुष्य होने के नाते कोई आपसी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन बीजेपी में मनभेद कभी नहीं हो सकते।

 

यहां देखें विस्तृत इंटरव्यू

 

प्रश्नः कांग्रेस का आरोप है कि आप आरएसएस के रबर स्टैंप हैं?

उत्तरः भाजपा एक परिवार है, लेकिन कांग्रेस एक परिवार का संगठन है, तो उनको यही दिखेगा इसके अलावा कुछ नहीं दिखेगा। वो आरएसएस को नहीं समझ सकते हैं। आरएसएस एक सामाजिक और सांस्कृतिक संगठन है। जो कभी राजनीति में प्रत्यक्ष हस्तक्षेप करता ही नहीं हैं। देश और समाज के लिए काम करने की उनकी अपनी भूमिका है। हम स्वयं सेवक के नाते देश और समाज के लिए जो इश्यू होते हैं उनके लिए हम भी काम करते हैं। लेकिन, यह भ्रम और इस प्रकार की बातें करने का प्रयास कांग्रेस हमेशा करती है। कांग्रेस को आरएसएस से हमेशा भय रहता है। आरएसएस पर प्रतिबंध इंदिरा गांधी के समय लगाए गए। दिग्विजय सिंह के टारगेट पर आरएसएस रहता है। लेकिन, आरएसएस प्रतिबंध, आक्रमण के बावजूद आगे बढ़ता रहता है।

 

 

प्रश्नः आपकी ताजपोशी से कुछ लोग खुश नहीं हैं?

उत्तरः मैं बिल्कुल नहीं मानता। मैं ऐसा कार्यकर्ता हूं, जितने भी मध्यप्रदेश भाजपा का शीर्ष नेतृत्व है, मैंने किसी न किसी रूप में सीखा है, सबके साथ मिलकर काम किया है, उन्होंने ही मुझे आशीर्वाद दिया है, तब में इस स्थान पर काम कर रहा हूं।


प्रश्न: सरकार पर आप तमाम हमले बोलते हैं, आखिर आप सरकार गिरा कब रहे हैं?

उत्तर: बीजेपी का काम न कभी सरकार गिराना रहा है न ही कोई प्रयास किए गए। सभी ने इसका उल्लेख किया है। हम सक्षम विपक्ष की भूमिका में हैं। वैसे तो यह सरकार एक्सीडेंटल बन गई, वोट हमें ज्यादा मिला, टेक्निकली बन गई। आप जिस प्रकार से सरकार का रूप देख रहे हैं, जनहितेषी काम सरकार ने छोड़ दिए, केवल पैसे और धंधे पर वो काम कर रहे हैं। जिस प्रकार का अंतर्द्व्द्व सरकार के अंदर है, उससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि सरकार के हाल क्या हैं।

 

 

प्रश्नः पांच साल क्या कमलनाथ सरकार रहेगी?

उत्तरः कमलनाथजी की सरकार अंतर्द्वंद्वों से घिरी है। जिस प्रकार से अस्थिरता आ रही है। यह वो समय आ गया है, जब मिस्टर बंटाढार ने मध्यप्रदेश को डुबो दिया था। उसी धारा में यह सरकार खड़ी है। दिग्विजय सिंह जी भी यही चाहते हैं कि ‘सनम मैं तो डूबा तुम भी डूबो।’ मुझे लगता है कि कमलनाथजी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, उन्हें लग रहा है कि जल्दी से जल्दी करो जो करना है। इसलिए कब क्या होगा यह तो मैं नहीं कर सकता। मध्यप्रदेश की सरकार आज संवैधानिक संकट में है। कल मंत्री ने आरोप लगाया है कि किचनकैबिनेट काम कर रही है, मंत्रिमंडल के निर्णय काम नहीं कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए कि इस प्रकार का आरोप कैबिनेट के मंत्री ने क्यों लगाया। किसी प्रवक्ता को जवाब देने का अधिकार नहीं है।

 


प्रश्नः ऐसा माना जाता है कि कई नेताओं को पीछे करके आपको पार्टी से बड़ी जिम्मेदारी मिली है, क्या लगता है कि इस पद के लिए आपका चयन क्यों हुआ?

उत्तरः भाजपा में यह एक सहज प्रक्रिया के आधार पर होती है। किस कार्यकर्ता को क्या जिम्मेदारी देना है, यह पार्टी तय करती है। इसी लिए शीर्ष नेतृत्व और मध्यप्रदेश के सभी लोगों ने मिलकर इस जिम्मेदारी को दिया है। मेरा प्रयास रहेगा कि वरिष्ठ नेताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप खरा उतर सकूं।

 

प्रश्नः दिग्विजय सिंह का आपने नाम लिया, हाल ही में दिग्विजय और सिंधिया गले मिले, इसे कैसे देखते हैं?

उत्तरः प्रदेश की जनता अब इन सबको बहुत अच्छे से समझ चुकी है। सिंधिया सड़क पर उतरने की बात करते हैं। एक मंत्री ने यह कह दिया कि मध्यप्रदेश के अंदर तो किचन कैबिनेट काम कर रही है, ब्यूरोक्रेट्स चला रहे हैं। कुछ मंत्रियों ने यह कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार रेत माफिया और इन पर इंस्पेक्टर और टीआई तय कर रहे हैं, रेट वो लगाते हैं पैसा ऊपर तक जाता है। दूसरा मंत्री कहता है कि जो आरोप लगा रहे हैं यह वही लोग कर रहे हैं। इस बात को कहने में मुझे कष्ट है कि कमलनाथजी के नेतृत्व में जो सरकार काम कर रही है, ये मध्यप्रदेश के विकास, हित और गरीबों के लिए काम करने वाली सरकार नहीं हैं। यह तो केवल अपना धंधा-पानी कैसे करें, कितने दिनों में कितना कमा सके, इसलिए वो शराब, रेत, ट्रांसफर उद्योग पर लगे हुए हैं। वो केवल इसी काम में लगे हैं, हमारी जेबें कैसे भरें, उन्हें लग रहा है कि पता नहीं हम कब चले जाएंगे। तो उनका यह अंतर्द्वंद्व है, उससे कांग्रेस घिरी हुई है। हम सब कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर इस सरकार की विफलता को नीचे ले जाकर मध्यप्रदेश की जनता जो समझ चुकी है, उसे और ताकत देने का काम करेंगे।

 

प्रश्नः नई शराबनीति की बात हो रही है, इसे लेकर भाजपा सिर्फ बयानों तक सीमित दिख रही है, सड़क पर उसका कोई प्रदर्शन होता नहीं दिख रहा है?

उत्तर: आज भी भाजपा सड़कों पर जिन मुद्दों पर आवश्यकता होगी, उन पर प्रखरता के आधार पर उतरेगी। ये जो शराब नीति में ऑनलाइन, सबलेट्स खोलने का उन्होंने निर्णय किया और वापस ले लिया। मेरा मानना है कि कमलनाथजी की सरकार मध्यप्रदेश को मद्य प्रदेश बनने की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है। शिवराज सरकार ने नर्मदा किनारे दुकानें बंद करने का निर्णय लिया था। ब्यूरोक्रेसी ने कहा था कि हजारों करोड़ों को नुकसान हो जाएगा। लेकिन, इस पर शिवराजजी ने कहा था कि जितना भी नुकसान हो जाएगा, लेकिन ट्रेवल क्षेत्र के अंदर लोगों की मांग है कि शराब दुकानें बंद होना चाहिए, माता बहनें इसकी मांग कर रही हैं। इस सरकार को खेती, किसान, पानी, युवाओं से कोई संबंध नहीं है और शिक्षा से कोई सरोकार नहीं रखते। उन्हें तो यह लगता है कि पैसा कैसे कमाया जाए। यह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई सरकार है।

 

प्रश्न: यह भी कहा जा रहा है कि संघ के साथ शिवराजजी का आप पर हाथ है, दूसरा गुट नाराज है जो सोशल पोस्ट आपकी ताजपोशी के बाद वायरल किए गए थे।

उत्तर: जब पदभार ग्रहण चल रहा था, तब भी मैंने यह कहा था कि अध्यक्ष बना हूं, मैं अध्यक्ष बनने की प्रक्रिया हूं। आपसे सीखकर आगे बढ़ूंगा। मुझे तो सीखने और काम करने के लिए यह अवसर मिला है। जब मैं पढ़ाई करता था तभी से बड़े नेताओं में सत्यनारायण जटिया, कप्तान सिंह सोलंकी, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रभात झा, शिवराज सिंह चौहान जी का मार्गदर्शन मिलता रहा है। इसलिए मैं नहीं मानता हूं कि इस प्रकार की कोई बात है। हम सब सामूहिक नेतृत्व में आगे बढ़ते हैं। हम टीम के साथ काम करने वाले लोग हैं।

 

प्रश्न: जितने बड़े नाम आपने गिनाए, बतौर प्रदेश अध्यक्ष अब उन्हें निर्देशित कैसे करेंगे?

उत्तर: उनका स्नेह और आशीर्वाद मेरे साथ है। छोटा होने के नाते मेरे लिए और सहजता और आसान है, उनसे आशीर्वाद लेकर ही सारे काम आगे बढ़ेंगे।


प्रश्न: एक साल में जितने दिन नहीं होते थे उससे अधिक बीजेपी के कार्यक्रम होते थे। अब वो धार नजर नहीं आ रही है?

उत्तर: बीजेपी हमेशा से ही धार पर रही है। उसका पैनापन कभी कमजोर नहीं हुआ है। सत्ता में भी हम रहे हैं, अनुकूलता में प्रतिकूलता आ जाती है। बीजेपी की संगठन पद्धति में हम आगे बढ़ते हैं। संगठन का तंत्र इस प्रकार आगे बढ़ता है कि सत्ता के कारण हमारा संगठन प्रभावित न हो। आदर्श संगठन मध्यप्रदेश का है, उसे और ताकत देना, अपनी भूमिका निभाना यही प्रयास है।

 

प्रश्न: प्रभारी के तौर पर जब उपचुनाव हारी तो आपको संगठन से दूर कर दिया था, अब खुद आपके ऊपर संगठन की जवाबदारी है, कैसे मैनेज करेंगे?

उत्तर: बीजेपी का अपना एक तंत्र है, हम कोई भी काम करते हैं सामूहिकता के आधार पर लेते हैं। चुनाव हो या कोई अभियान हम टीम स्प्रीट के साथ काम करते हैं। हम परिवार के रूप में काम करते हैं।

 

प्रश्न: आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण है, दो-दो उपचुनाव, नगरीय निकाय, जिला पंचायत चुनाव हैं, बीजेपी का क्या रूप देख रहे हैं गुटबाजी को कैसे मैनेज करेंगे?

उत्तर: सबसे पहले स्पष्ट करना चाहूंगा कि बीजेपी में कोई गुटबाजी नहीं हैं। जितनी लीडरशीप है, वो बड़ी ताकत हैं, वो अपने आप में सक्षम, क्षमतावान और मध्यप्रदेश को आगे ले जाने वाले लोग हैं। इसलिए सब मिलजुलकर सबके अपने प्रयास एक ताकत के साथ आगे बढ़ रहे हैं। जितने भी वरिष्ट नेतृत्व है, वो जमीन से निकलकर आए हैं, परिवारों से नहीं आए हैं।

 

प्रश्न: इतने मजबूत विपक्ष के बावजूद सरकार की इतनी मनमर्जी चल रही है?

उत्तर: चूंकि गणित का आंकड़ा होता है, जितने हैं वो काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में किसी भी प्रकार की होने वाली घटनाओं और दुर्घटनाओं पर सजग राजनीतिक दल होने के कारण बीजेपी की नजर है।


प्रश्न: आपके क्षेत्र में आपको दबंग छवि का नेता माना जाता है?

उत्तर: मैं विद्यार्थी परिषद में काम करता था, उसी के जरिए मैं भाजपा में आया। हमारी भूमिका है कि लोगों के साथ प्रवास के माध्यम से मिलना बात करना, किसी भी समस्या के लिए खड़े होना। इसलिए मैं तो सहज और सरलता के साथ सांसद होने के नाते भी खुले दिल से लोगों से मिलते हैं। लोग भी खुश होते हैं।

 

प्रश्न: सेनापति की ताजपोशी तो हो गई, लेकिन सेना कब?

उत्तर: मुझे लगता है कि सब मिलकर, हमारा नेतृत्व के साथ तय होगा कि अच्छी टीम तैयार होगी। पहले भी अच्छी टीम काम कर रही थी। वो भी सक्षम टीम थी, हम उसके नेतृत्व में काम कर रहे थे। लोकसभा का चुनाव हम प्रचंड बहुमत से जीते। अब आगामी टीम भी कार्यकर्ताओं की उपयोगिता के मुताबिक तैयार होगी।

 

प्रश्नः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ट ट्रंप ने जिस हिसाब से नरेंद्र मोदी की तारीफ की, उसे कैसे देखते हैं?

उत्तरः नरेंद्र मोदी आज केवल भारत के नेता नहीं है, वे ग्लोबल लीडर है, देश और दुनिया में उन्हें सर्वमान्य नेता माना जाता है। अमेरिका में जब मोदी जी गए थे, तो पहले क्या होता था, जब मोदीजी जाते थे तो क्या होता है। केवल भारतीय नहीं उस देश के लोग भी प्रफुल्लित होते हैं। इस्राइल का प्रधानमंत्री कहता है कि जब मोदीजी आएंगे, तो उन्हें लाभ मिलेगा। इसलिए हमारा सीना गर्व से फूल जाता है कि हमारा प्रधानमंत्री की छवि आज ग्लोबल लीडर की बन गई है और पूरी दुनिया नमस्ते करने का प्रयास कर रही है।

 

प्रश्न: अमेरिका वीजा पॉलिसी कभी भी बदल देता है, पाकिस्तान के पक्ष में भी ट्रंप बयान देते है, तो ‘नमस्ते ट्रंप’ का फायदा क्या?

उत्तर: मोदी ने जिस पॉलिसी पर काम किया है, दुनियाभर के लोगों को साथ लाने का काम, भारत के पक्ष में खड़े करने का काम आज मोदी जी के कारण ही हो रहा है। आतंकवाद पर आज एकत्र पूरी दुनिया मोदीजी के नेतृत्व के कारण ही हो रही हैं। आज पाकिस्तान जैसे देश अलग-थलग पड़े हैं। योग के माध्यम से मोदीजी ने दुनिया को योग सिखा दिया।

 

प्रश्न: झाबुआ उपचुनाव में बीजेपी ने मैदान छोड़ दिया था, अब आगर और जौरा उपचुनाव में क्या तैयारी रहेगी?

उत्तर: बीजेपी कार्यकर्ता के आधार पर चुनाव लड़ती है। हमारे कार्यकर्ता पहले से तैयारी में है। बूथ से लेकर मंडल तक सभी ताकत के साथ काम कर रहे हैं। सरकार की विफलताओं के आधार पर और संगठन तंत्र की मजबूती के आधार पर हम दोनों चुनाव प्रचंड बहुमत से जीतेंगे।

 

प्रश्न: क्या वायदा किया है केंद्रीय नेतृत्व से आपने?

उत्तर: केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ पर विश्वास व्यक्त किया है मेरा प्रयास होगा कि मैं उनके विश्वास पर खरा उतरूं।

 

प्रश्नः जिला अध्यक्षों के लिए क्या आप उम्र का क्राइटेरिया बनाएंगे?

उत्तर: उम्र के क्राइटेरिया का कानून नहीं बनता। हमने प्रयास किए कि मंडल अध्यक्ष 35-40 उम्र का ही बने। मैं सफल हुआ कि छिंदवाड़ा जैसे जिले में प्रत्येक मंडल अध्यक्ष इसी के बीच बना। बीजेपी में जो तय होता है, उसका कार्यकर्ता पालन करने का प्रयास करता है। कानून नहीं बनता है। आज हमारे समय की आवश्यकता है, नई जनरेशन आगे आना चाहिए।
प्रश्न: राजनीति में बगैर तथ्यों के आरोप लगा दिए जाते हैं, भाषाई मर्यादाओं का स्तर गिरते जा रहा है?

उत्तर: बीजेपी के अध्यक्ष के नाते मैं इसे बढ़ावा नहीं देता। न ही समर्थक हूं। हम आरोप प्रत्यारोप तो करते हैं, लेकिन किसी व्यक्ति पर ऐसे आरोप नहीं लगा सकते कि जिसकी समाज में ठीक नहीं लगते, उसे नहीं करना चाहिए। मैं जब कालेज राजनीति में था तो विपक्षी दल के छात्रों से अपेक्षा करता था कि हम राजनीति करें, लेकिन विकास या कालेज के हितों के लिए एक होकर काम करें।

प्रश्न: बतौर वीडी शर्मा ऐसी कौन-सी पांच बड़ी समस्या हैं, जिस पर सड़क पर उतरकर जनआंदोलन करेंगे?

उत्तर: भ्रष्टाचार इस सरकार के नेतृत्व में आकंठ डूब गया है। कानून व्यवस्था खराब हो गई है। स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। मैं बुंदेलखंड में रहता हूं, यदि किसी का एक्सीडेंट हो जाए तो किसी को जबलपुर, तो किसी को रीवा रैफर कर देते हैं। कई इस कारण रास्ते में ही खत्म हो गए। शिक्षा के क्षेत्र में शिवराज सरकार के नेतृत्व में जिस प्रकार हम आगे बढ़े, आज आपने क्या काम किया। आज शिक्षक धरने पर बैठे हुए हैं। सबसे बड़ा चैलेंज जो है, कांग्रेस झूठ और कपट के आधार पर सत्ता में आई और देश में भी वो इस प्रकार से काम कर रही है। बीजेपी हम इनका पर्दाफाश पूरी ताकत के साथ करेंगे।
प्रश्न: सरकार ने दूसरे चरण की कर्ज माफी कर आपसे किसान कर्ज माफी का मुद्दा नहीं छीन लिया?

उत्तर: कोई कर्ज माफी नहीं हुई, किसानों से पूछिए। किसान प्रताड़ित हो रहा है। जो किसान सम्मान निधि प्रधानमंत्रीजी ने दी थी उसे भी समय पर नहीं दिया। गरीबों के लिए छत देने का काम किया 8 लाख घर दे दिए। आपने भी उस पैसों को वापस कर दिया। आप को तो शराब आनलाइन कैसे मिलेगी। पूरे प्रदेश को शराब में डूबा दो, आप यह काम करने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रश्न: केंद्रीय बजट इतना टफ है कि आपको शहर-शहर जाकर समझाना पड़ रहा है?

उत्तर: ऐसा नहीं है। झूठ, छल और कपट कांग्रेस की नीति है। आज इनके पास कोई मुद्दा नहीं है। सीएए कानून ऐसा है, जिस पर देश के अल्पसंख्यकों का कोई लेना-देना नहीं है। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के धार्मिक आधारित पीड़ितों के लिए है। उनके लिए गांधीजी, नेहरूजी और इंदिराजी ने भी कहा था। लेकिन वो झूठ फैलाकर भ्रम फैला रहे हैं। इसी प्रकार बजट के मामले में भी हमने सार्थक प्रयास किया है। बजट में क्या-क्या है, इसकी जानकारी जनता के बीच में उतारना। हमारा कार्यकर्ता पारंगत बनेगा।
प्रश्न: वीडी शर्मा मोदीजी के करीबी हैं या अमित शाह जी के, जो हर बात मनवा लेते हैं?

उत्तर: मुझे तो मोदीजी, अमित शाह जी, नड्डा जी, मध्यप्रदेश का वरिष्ठ नेतृत्व है उन सबका आशीर्वाद प्राप्त है।

ट्रेंडिंग वीडियो