20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सैर सपाटा से सरकार 30 साल में खुद कर सकती है 25 करोड़ की कमाई

- 30 साल की लीज देने की तैयारी, इससे महज पांच से सात करोड़ रुपए ही मिलने की उम्मीद

2 min read
Google source verification
Sair Sapata

Sair Sapata

भोपाल. बड़े तालाब पर पर्यटन विकास निगम का सैर सपाटा सरकार को 30 साल में 25 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई दे सकता है। बावजूद इसके इसे निजी एजेंसी को पांच गुना कम (करीब पांच से सात करोड़ रुपए) में ही 30 साल के लिए लीज पर देने की तैयारी है। निजी संचालन में जाने से तालाब की सेहत पर असर तो पड़ेगा ही, साथ ही सरकार की कमाई पर भी चपत लगेगी। एमडी पर्यटन विकास निगम फैज अहमद किदवई अब तक इस मामले में सभी पक्षों से चर्चा करने की बात पर ही अटके हैं।

गौरतलब है कि पर्यटन विकास निगम 16 दिसंबर को सैर सपाटा के लिए निजी एजेंसी तय करने जा रहा है। इसमें निर्माण, ऑपरेशन और मेंटेनेंस शामिल है। जानकारी के अनुसार ये निजीकरण तालाब किनारे एक रसूखदार को लाभ देने की मंशा से हो रहा है। सैर सपाटा निजी हाथों में जाएगा तो वह अपनी जमीन पर मैरिज गार्डन विकसित कर सैर सपाटा से रास्ता निकालेगा। सैर सपाटा से जुड़े लोगों को इसके निजीकरण का विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के नाम उन्होंने यहां बैनर लगाकर निजीकरण नहीं करने की मांग भी लिखी है।

ऐसे समझे 30 साल में 25 करोड़ की आय का गणित
- यहां पांच बड़ी दुकानें हैं। प्रति दुकान का प्रतिमाह 40 हजार रुपए किराया तय है। एक साल में इनसे 4.80 लाख रुपए वसूले जाते हैं। ऐसे में ३० साल में 1.44 करोड़ रुपए आएंगे।

- यहां ग्लास हाउस बार का किराया 20 हजार रुपए प्रतिमाह है। एक साल का 2.40 लाख रुपए है। इससे 30 साल में 72 लाख रुपए की वसूली होगी।
- संचालित एक्टिविटीज से प्रतिमाह एक लाख रुपए की आय होती है। एक साल में 12 लाख रुपए और 30 साल में 3.60 करोड़ रुपए मिलेंगे।

- बंपर बोट के संचालन से 50 हजार रुपए प्रतिमाह आय। एक साल में 6 लाख रुपए और 30 साल में 1.80 करोड़ रुपए आएंगे।
- एंट्री फीस के तौर पर प्रतिमाह 3 लाख रुपए मिलते हैं। एक साल में 36 लाख रुपए और 30 साल में ये 10.80 करोड़ रुपए बन रहे हैं।

- टॉय ट्रेन से एक माह में 1.50 लाख रुपए की आय होती है। एक साल में 18 लाख रुपए के हिसाब से 30 साल में 5.40 करोड़ रुपए बनेंगे।

नोट- इसमें स्पीड बोट, फाउंटेन की राशि नहीं है। दोनों ही बंद है। इनके शुरू होने पर कमाई और बढ़ेगी।