
,,
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक बाबा योगेंद्र (99) का निधन हो गया पद्मश्री बाबा योगेंद्र संघ से जुड़ी संस्कार भारती के संस्थापक रहे और वर्तमान में संरक्षक थे। उनके निधन से मध्य प्रदेश भाजपा में भी शोक की लहर दौड़ गई। बाबा योगेंद्र का राजधानी भोपाल स्थित संघ कार्यालय समिधा में अक्सर आना-जाना लगा रहता था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. नरोत्तम मिश्र, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग समेत कई दिग्गज नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।
कौन थे बाबा योगेंद्र
बाबा योगेंद्र का जन्म 7 जनवरी 1924 को उत्तर प्रदेश के बस्ती में हुआ था। उनके जन्म के समय ही मां का साया उनके सिर से उठ गया और उनकी परवरिश पड़ोसी महिला ने की थी। वे 1945 में संघ का प्रथम वर्ष का प्रशिक्षण पास कर प्रचारक बन गए। वे संघ के शिक्षा वर्ग में आ गए और सबसे पहले चित्रकला प्रदर्शनी लगाई। इसके बाद उन्होंने संस्कार भारती की स्थापना की, वे इसके संरक्षक भी रहे। मध्यप्रदेश में संस्कार भारती और उससे जुड़ी कई संस्थाएं काम कर रही हैं।
क्या बोले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह
बाबा योगेंद्र के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा है कि योगेंद्रजी के महाप्रयाण का समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने भी हैं दुखी
प्रदेश के गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्र ने भी संघ प्रचारक बाबा योगेंद्र के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मिश्रा ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजन को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कठिन घड़ी है
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी बाबा योगेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वीडी शर्मा ने कहा है कि योगेंद्रजी का अवसान कला जगत के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दें व शोकमय परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करें। ऊँ शांति!
विश्वास सारंग ने ट्वीट कर जताया शोक
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ट्वीट के जरिए बाबा योगेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस कठिन समय में परिवार को संबल प्रदान करें। ॐ शांति।
Published on:
11 Jun 2022 03:42 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
