
भोपाल : कांग्रेस ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योरादित्य सिंधिया पर नई उड़ाने शुरु करवाने की घोषणा को झूठा श्रेय लेने की कोशिश करार दिया है। कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि एक दिन पहले ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के तौर पर पदभार ग्रहण करने वाले सिंधिया जी अपनी हमेशा की तरह झूठा श्रेय ले रहे हैं। स्पाइस जेट की 16 जुलाई से प्रारंभ होने वाली 8 उड़ानें पूर्व निर्धारित हैं। ग्वालियर क्षेत्र में भी कई कामों का इसी तरह झूठा श्रेय लेने के कारण उनका उन्ही की पार्टी के स्थानीय नेता खुलकर विरोध कर रहे हैं। इन उड़ानों के प्रारंभ होने में उनका कोई प्रयास व योगदान नही है। स्पाइस जेट ने तो केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की उपस्थिति में ग्वालियर से अपनी उड़ानों की घोषणा 7 मार्च 2019 को ही कर दी थी और उसका ट्वीट भी किया था। 10 जुलाई से तो विश्व के 42 शहर में स्पाइस जेट ने अपनी फ़्लाइट शुरू की है। सिंधिया यहां मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का श्रेय ख़ुद ले उड़े।
बयान से पलटीं कुसुम महदेले :
सलूजा ने अपने ट्विटर हैंडल पर पूर्व मंत्री कुसुम महदेले के बयान से पलटने की पोस्ट की है। कुसुम महदेले ने भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के शिवजी के शृंगार वाले फोटो के ट्वीट पर बेतुकी टिप्पणी की थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मेरा अकाउंट हैक हो गया था। ये ट्वीट मैने नहीं किया, जब मुझे पता चला तो मैंने इसे डिलीट कर दिया। इस पर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए। कांग्रेस नेता ने कहा कि झूठ बोलना और अपनी बात से पलटना कोई भाजपाइयों से सीखे।
जौरा विधायक का वीडियो वायरल :
जौरा से भाजपा विधायक सूबेदार सिंह राजौधा का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। सूलजा ने कहा कि यह वीडियो जौरा के भाजपा विधायक का बताया जा रहा है, जनता द्वारा बिजली महंगी होने पर सलाह दे रहे है कि ख़ूब बिजली चोरी करो, मंै देख लूंगा। कांग्रेस ने कहा कि जनता महंगी बिजली से परेशान है और ख़ुद भाजपा विधायक बिजली चोरी की सलाह दे रहे हैं और बेचारी जनता इसका खामियाजा भुगतेगी।
Published on:
11 Jul 2021, 7:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.