
भोपाल छात्रावास यौन शोषण मामला: अश्विनी को अनुदान पर मुकरते रहे मंत्री,विभाग ऐसे रहा मेहरबान!
भोपाल@मुद्दीसर खान की रिपोर्ट...
मूकबधिर युवतियों के यौन शोषण का मामला उजागर होने पर तीन दिन पहले सामाजिक न्याय मंत्री गोपाल भार्गव ने आरोपी अश्विनी शर्मा को किसी तरह का अनुदान देने से इनकार किया था। वहीं हकीकत में विभाग अश्विनी पर मेहरबान दिखा।
दरअसल सामाजिक न्याय विभाग ने अश्विनी को 2016 में 50 हजार और 2017 में 5.97 लाख रुपए का अनुदान दिया था। पुलिस ने विभाग से इसकी जानकारी मांगी है। पुलिस जांच में सामने आया कि अश्विनी ने तीन फ्लैट ले रखे थे। इन्हीं में युवतियों को रखता था।
श्रम विभाग से उसका कृतार्थ बॉयज छात्रावास रजिस्टर्ड था, जबकि दो फ्लैट में बिना रजिस्ट्रेशन के युवतियों को रख रहा था। इधर पांचवीं पीडि़ता ने पुलिस को शिकायत की है कि 50 हजार रुपए की छात्रवृत्ति अश्विनी ने हड़प ली। मानवअधिकार आयोग ने डीआइजी से दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
अप्राकृतिक कृत्य की धारा बढ़ाई
चौथी पीडि़ता ने कोर्ट में कलमबद्ध बयान दर्ज कराए। अश्विनी के खिलाफ धारा 377 (अप्राकृतिक संबंध) और आईटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। इस मामले में अहम कड़ी उज्जैन मूकबधिर विद्यालय की शिक्षिका संध्या शर्मा से पूछताछ के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। अश्विनी की पुलिस रिमांड कोर्ट ने एक दिन और बढ़ा दी है।
अश्विनी के राज: ऐसे करता था छेड़छाड़...
दुष्कर्म और छेड़छाड़ का आरोपी हॉस्टल संचालक अश्विनी शर्मा दिखावा कर छात्राओं को खुश करने की कोशिश करता था। छात्राओं को आइटीआइ तक छोडऩे जाता था।
टूरिस्ट प्लेस घुमाने के दौरान नजदीकियां बढ़ाता था और फिर उनसे छेड़छाड़ शुरू कर देता था। अपनी इन हरकतों को वह वीडियो कॉलिंग के माध्यम से छात्रों को भी दिखाता था। उन्हीं के हॉस्टल में रहने वाले इन छात्रों को तो खाने के भी लाले थे।
अयोध्या बायपास तिराहे के पास शराब दुकान के पीछे स्थित हॉस्टल में शर्मा मूक-बधिर और दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को रखता था। यहां की व्यवस्थाएं बेहद खराब थी। साफ-सफाई नहीं रहती थी तो छात्रों को बेहद घटिया खाना दिया जाता था।
प्रत्येक विद्यार्थी को केवल चार रोटियां मिलती थी। विद्यार्थियों ने कई बार इसकी शिकायत की। सुनवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन किया। इस पर आइटीआइ के अधिकारियों ने 12 से अधिक छात्रों को पिपलानी पेट्रोल पंप के पास स्थित हॉस्टल में शिफ्ट करा दिया। लेकिन अश्विनी के बहकावे में आकर चार दिव्यांग वहां नहीं गए। दूसरी ओर छात्राओं के हॉस्टल में अश्विनी खुद रहता था और उनके लिए व्यवस्था काफी बेहतर थी।
इधर, महिला कांग्रेस का हल्लाबोल आज
महिला कांग्रेस मंगलवार को हल्लाबोल आंदोलन करेगी। हर जिले में कलेक्ट्रेट का घेराव होगा। कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने आरोप लगाया कि अश्विनी के भाजपा और संघ से संबंध हैं।
जांच में ही खुली सुरक्षा व्यवस्था की पोल...
कलेक्टर के आदेश के बाद भी अनुदान प्राप्त और शासकीय हॉस्टलों की जांच गंभीरता से नहीं हो रही है। इसी का नतीजा है कि तीसरे दिन छानबीन में एमपी नगर में बंद सीसीटीवी के अलावा कुछ नहीं मिला।
वहीं रविवार को बैरागढ़ वृत्त के एसडीएम केके रावत जांच करने गए ही नहीं। गोविंदपुरा एसडीएम ने कुछ हॉस्टलों की जांच की, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। एसडीएम हुजूर राजकुमार खत्री, एसडीएम शहर वृत्त एलएल अहिरवार ने खजूरी में छह हॉस्टलों की जांच की। इनमें लचर सुरक्षा व्यवस्था और खराब खाने की शिकायत मिली। अधिकतर में महिला हेल्पलाइन नंबर नहीं लिखे गए थे।
कई हॉस्टलों में मौके पर चौकीदार नहीं मिले। इन गड़बडिय़ों के सामने आने के बाद अफसरों ने हॉस्टल अधीक्षकों को फटकारा। इन्हें सख्ती के साथ गाइडलाइन का पालन कराने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम ने रिपोर्ट एडीएम दिशा नागवंशी को सौंप दी है। मंगलवार को एडीएम, कलेक्टर डॉ. सुदाम खाड़े को रिपोर्ट सौंपेंगी।
गाइडलाइन का पूरा पालन किसी में नहीं...
एसडीएम द्वारा जांचे गए हॉस्टलों में 30 बिंदुओं पर जांच करनी थी। कोई भी हॉस्टल इन पर खरा नहीं उतरा। एेसे में कुछ के अधीक्षकों कोनोटिस जारी हो सकता है।
अभी रिपोर्ट कम्पाइल नहीं की है। मंगलवार को रिपोर्ट बनाकर कलेक्टर को सौंप दी जाएगी।
- दिशा नागवंशी, एडीएम
इधर,छेड़छाड़ से दुखी 10वीं की छात्रा ने कीटनाशक पीकर फांसी लगाई:-
वहीं एक अन्य मामले में राजधानी में मनचले की छेड़छाड़ से परेशान टीला-जमालपुरा की 10वीं की छात्रा ने सोमवार को कीटनाशक पीया और फिर फांसी लगा ली। यह मनचला पांच महीने से उसे परेशान कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि यह छात्रा के पिता शुक्रवार को काम पर गए थे। मां भाई को स्कूल छोडऩे चली गई। छात्रा अकेली थी। मां ने लौटने पर देखा कि बेटी फंदे पर लटकी है। छात्रा के मामा ने बताया की आरोपी अनूप घर के सामने फब्तियां कसता था।
कहता था कि इसी घर में बारात लाऊंगा। इससे पहले गीतांजलि कॉलेज की छात्रा ने 10 मार्च को मनचले की प्रताडऩा से तंग आकर गौतम नगर थाना क्षेत्र में खुदकुशी की थी।
Updated on:
14 Aug 2018 08:46 am
Published on:
14 Aug 2018 08:44 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
