
Shivraj Singh Chouhan shares anecdotes about PM Narendra Modi
Shivraj Singh Chouhan - बीजेपी के वरिष्ठ नेता एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने एक किताब लिखी है ‘अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ जिसका कल दिल्ली में विमोचन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिवराज सिंह चौहान के 35 साल के अनुभवों पर आधारित इस किताब का विमोचन पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने किया। इस मौके पर शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हर क्षण देश के लिए जीते हुए देखा है। उनसे मैंने जो अनुभव प्राप्त किया, उसे 'अपनापन' पुस्तक के माध्यम से देश को समर्पित कर रहा हूं। किताब में उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की अनेक खासियतों का जिक्र किया है। शिवराजसिंह चौहान ने खासतौर पर 2023 के विधानसभा चुनाव के समय का उनका दौर खत्म हो जाने की बातों से बने माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि उस वक्त पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन कर कहा- इतनी चिंता क्यों, कुछ दिन एकांत में जाओ।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि जब नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के प्रभारी बनकर आए थे तब मैं प्रदेश का महामंत्री था। प्रदेश में चुनाव की तैयारी को लेकर एक बैठक चल रही थी। उस समय उन्होंने अचानक पूछा कि बताइए, ईमेल आईडी किस-किस के पास है?
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उस दौर में हम जैसे कार्यकर्ताओं के लिए ईमेल और टेक्नोलॉजी बहुत सामान्य विषय नहीं थे। सभी लोग एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे लेकिन नरेंद्र मोदी तब भी भविष्य देख रहे थे। वे समझ चुके थे कि आने वाले भारत की ताकत टेक्नोलॉजी बनेगी।
शिवराज सिंह चौहान ने अपनी किताब में ऐसे अनेक किस्सों का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि जब मेरे पिताजी का स्वर्गवास हुआ, तो पीएम नरेंद्र मोदी का फोन आया और उन्होंने मुझे सांत्वना दी। कोविड के समय मुख्यमंत्री रहते हुए मुझे इंफेक्शन हुआ तो उन्होंने स्नेहपूर्वक फोन करके कहा कि परिवार का ध्यान रखना। यह भी पूछा कि कौनसी दवाई ले रहे हो!
शिवराजसिंह चौहान ने पुस्तक में अपने राजनीतिक जीवन के सबसे विषम समय का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले मेरे करियर को कांग्रेसियों ने मुद्दा बना लिया था। ऐसा माहौल बना लिया गया कि शिवराजसिंह चौहान का दौर खत्म हो गया है। बीजेपी की पहली सूची में मेरा नाम नहीं होने पर भी विपक्ष ने प्रचारित करना शुरू कर दिया कि शिवराजसिंह चौहान का राजनीतिक कैरियर समाप्त हो चुका है।
ऐसे माहौल में एक दिन पीएम नरेंद्र मोदी का फोन आया। शिवराजसिंह चौहान के मुताबिक पीएम ने उनसे कहा- मैं सीएम से नहीं, अपने शिवराज से बात कर रहा हूं।” पीएम नरेंद्र मोदी ने उनसे कहा- इतनी चिंता क्यों कर रहे हो? कुछ दिन एकांत में जाओ, अपने भीतर झांको, मन को शांत करो। शिवराजसिंह चौहान इसके बाद उत्तराखंड गए और गंगा के तट पर शांत भाव से बैठकर मन को टटोला। वहां से आकर विधानसभा चुनाव के लिए पूरे प्रदेश में घूमे और बीजेपी को रिकार्ड जीत दिलाई।
शिवराज सिंह ने इस किताब में ट्रम्प टैरिफ विवाद का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कठोर शब्दों में कहा था कि किसी भी हाल में देश के किसानों के हितों के साथ समझौता नहीं किया जाएगा।
Updated on:
27 May 2026 12:46 pm
Published on:
27 May 2026 12:42 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
