28 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भोलेनाथ बने दुल्हा, शहर बना बाराती

महाशिवरात्रि पर शहर में 20 से अधिक स्थानों पर निकली शिव बारात

4 min read
Google source verification
भोलेनाथ बने दुल्हा, शहर बना बाराती

भोलेनाथ बने दुल्हा, शहर बना बाराती

भोपाल. पिछले दो साल से कोरोना संक्रमण के कारण पाबंदियों के कारण धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में उत्साह कम नजर आ रहा था, लेकिन पाबंदियां हटने के दो साल बाद महाशिवरात्रि पर शहर में पहले जैसा उत्सवी माहौल नजर आया। पूरे दिन शहर में शादियों की तरह उत्साह था। जगह-जगह बारात निकल रही थी, दूल्हा बने थे भगवान भोलेनाथ और ढोल ढमाकों, डीजे पर भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु थिरक रहे थे। भोले की बारात में श्रद्धालु अलग-अलग वेष में शामिल थे, कोई देवी देवताओं के स्वरूप में था, तो कोई भूत पिशाच, गंधर्व के वेष में नजर आ रहा था।

शिव ने खींचा रथ
महाशिवरात्रि के मौके पर
बड़वाले महादेव मंदिर से पारम्परिक शिव बारात निकाली गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,साधना सिंह ने विशेष पूजा अर्चना कर बारात का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने सभी को महाशिवरात्रि की बधाई दी। बारात में भगवान वटेश्वर चांदी के रथ पर नंदी की सवारी करते हुए दूल्हा स्वरूप में शामिल थे, कई श्रद्धालु संगीतमय संकीर्तन करते हुए और ओम नम: शिवाय का जाप करते हुए चल रहे थे। बारात में राधा कृष्ण द्वारा मोर कुटी में नृत्य अघोरी एवं राजश्री रूप में नृत्य करते भोला शंकर तथा नवनिर्मित बटेश्वर मंदिर की प्रतिकृति आकर्षण का केंद्र थी। इसी प्रकार डमरु मजीरा पार्टी के 250 सदस्य डमरु और मंजीरे की आकर्षक प्रस्तुति दे रहे थे।

इन मंदिरों में भी दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
महाशिवरात्रि पर शहर के लालघाटी नेवरी स्थित मनकामेश्वर मंदिर में भी दर्शनार्थियों की भीड़ रही। यहां विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। इसी प्रकार भूतेश्वर मंदिर, झरनेश्वर मंदिर, शिव भवानी मंदिर हबीबगंज, पिपलेश्वर मंदिर नेहरू नगर, नटबाबा मंदिर होशंगाबाद रोड, सोमेश्वर शिव मंदिर, अन्य मंदिरों में भी पूजा अर्चना, शृंगार और धार्मिक कार्यक्रम हुए।

महाशिवरात्रि पर शहर में 20 से अधिक स्थानों पर निकली शिव बारात
भोलेनाथ बने दुल्हा, शहर बना बाराती

यहां भी हुए आयोजन
- मां दुर्गाधाम मंदिर अशोक विहार से शिव बारात निकाली गई।
- शिवाजी नगर स्थित चार भुजाजी मंदिर में चार भुजाजी मेवाड़ मंडल की ओर से धार्मिक अनुष्ठान हुए और शिव बारात निकाली गई।
- नेहरू नगर स्थित सिद्धेश्वर शिव मंदिर में महारुद्राभिषेक - शिव बारात निकाली गई।
- वसंत कुंज शाहपुरा अरेरा कॉलोनी स्थित सहस्त्रबाहु मंदिर में द्वाद्वश ज्योर्तिलिंग और रूद्री निर्माण का आयोजन किया गया।
- राठौर संघ की ओर से महादेव मंदिर में विश्व शांति के लिए अखंड ज्योति जलाई ।

गुफा मंदिर और बिड़ला मंदिर में रही भारी भीड़
महाशिवरात्रि के मौके शहर के बिड़ला मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। यहां दिन भर दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर के केके पांडे ने बताया कि भीड़ को देखते हुए मंदिर के दोनों दक्षिणी और पूर्वी द्वार खोल दिए थे। लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। यहां दिन भर दर्शनार्थियों की लंबी-लंबी कतारे लगी हुई थी। मंदिर में सुबह वैदिक पंडितों के सान्निध्य में रूद्री पाठ, शिव महिमन, शिव तांडव पाठ किया गया, इसके बाद यहां दिन भर दर्शन का सिलसिला चलता रहा।
भोजपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब, सवा लाख से ज्यादा शिवभक्त पहुंचे शिवधाम
विश्व प्रसिद्ध शिवधाम भोजपुर मंदिर में इस मौके पर आस्था का सैलाब नजर आया। अनुमान के मुताबिक शिवरात्रि पर राजधानी भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों से करीब सवा लाख से ज्यादा श्रद्धालु भोजपुर पहुंचे। जहां प्रशासन द्वारा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई। इस मौके पर मेले का भी आयोजन किया गया। महंत पवन गिरी गोस्वामी ने बताया कि पहला अभिषेक सुबह 4 बजे, 6 बजे आरती, दूसरा अभिषेक 11 बजे एवं शाम को महाआरती की गई।
भोजपुर: साधना सिंह ने भी किए दर्शन
महाशिवरात्रि के मौके पर भोजपुर स्थित शिवालय में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ लगी रही। यहां सवा लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह भी यहां दर्शन करने पहुंची। भारी भीड़ के कारण साधना सिंह भी जाम में फंसी रही। शिवरात्रि के मौके पर भोजपुर स्थित शिवलिंग को दूल्हा राजा के स्वरूप में सजाया गया था।

पशुपतिनाथ मंदिर
गोविंदपुरा स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान पशुपतिनाथ का महारुद्राभिषेक किया गया। इस मौके पर मंदिर से गंगाजली कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसी प्रकार यहां दर्शन का सिलसिला भी सुबह से रात्रि तक चलता रहा।
मुक्तेश्वर महाकाल मंदिर
मुक्तेश्वर महाकाल मंदिर शिव धाम छोला
में परिणय महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें बाबा मुक्तेश्वर महाकाल को लाल किले की झांकी सजाकर विराजमान किया गया।
बरखेड़ा स्थित श्रीकृष्ण मंदिर
बरखेड़ा स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में भेल यादव सभा श्रीकृष्ण
मंदिर समिति द्वारा शिव का अभिषेक किया गया। समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह यादव एवं सचिव सुनील यादव ने बताया कि इस मौके पर मनीष देवलिया गु्रप द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई।