
आज से शुरू होगा प्रदेश-स्तरीय महिला जागरूकता अभियान, अभिनेता अक्षय कुमार का होगा वीडियो प्रजेंटेशन
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान महिला अपराध उन्मूलन में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज सोमवार को प्रदेश-स्तरीय महिला जागरूकता अभियान "सम्मान" का शुभारंभ करेंगे। समारोह में महिला अपराधों को रोकने अथवा घटित होने के उपरांत पीड़िता की सहायता करने वाले "असली हीरो" को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी उपस्थित रहेंगे।
अभियान के उद्देश्य
स्वतंत्रता दिवस 26 जनवरी तक चलने वाले इस 15 दिवसीय "सम्मान"अभियान का मुख्य उद्देश्य महिला अपराध के उन्मूलन में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिये समाज में सम्मानजनक एवं अनुकूल वातावरण तैयार करना है। साथ ही जनमानस को जागरूक कर सशक्त बनाना है, ताकि स्वयं महिलाएं ही नहीं बल्कि हम सब महिला सुरक्षा के प्रति अपने कर्त्तव्यों का निवर्हन कर सकें। अभियान के दो मुख्य नारे हैं "कुछ कहो, कुछ करो समझदारी से" एवं "असली हीरो"।
अभियान का शुभंकर "गुड्डी"
अभियान का शुभंकर 'गुड्डी' होगा। जो न केवल अपनी सुरक्षा के लिये सजग है, अपितु दूसरों को भी सचेत करती है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा शुभंकर का अनावरण किया जायेगा। साथ ही अभियान की पोस्टर पुस्तिका का विमोचन एवं महिला सुरक्षा गान का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा।
अक्षय कुमार और निशानेबाज मनु का प्रजेंटेशन
कार्यक्रम में भारतीय ओलंपियन क्वालिफाइड निशानेबाज मनु भाकर और अभिनेता अक्षय कुमार का वीडियो प्रजेंटेशन होगा। शौर्या दल की सदस्या, स्कूल-कॉलेज के प्राचार्य, मेधावी विद्यार्थी, एन.एस.एस., एन.सी.सी. के बच्चे एवं अशासकीय संगठनों के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
साइबर अपराध से महिला सुरक्षा
अभियान में महिलाओं को साइबर अपराध से सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के कार्य भी किए जाएंगे। निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वेबिनार, दूरदर्शन, एफ.एम. एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी सायबर अपराध से सुरक्षा के लिये जागरूक किया जायेगा। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को ग्राम सभा में महिला सुरक्षा गान होगा। अभियान में सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं के लिये सुरक्षित वातावरण निर्मित करने का कार्य भी किया जाएगा।
Published on:
11 Jan 2021 08:13 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
