भोपाल. लगता है कि लॉकडाउन के चलते शहर के आवारा कुत्ते आदमखोर हो गए हैं। कोरोना संक्रमण के खतरे के चलते होटल्स और दुकानें के बंद होने के कारण आवारा कुत्तों को खाना नहीं मिल पा रहा है और अब वो लोगों पर भी हमला करने लगे हैं। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसी ही दिलदहला देने वाली घटना सामने आई। राजधानी के कोहेफिजा इलाके में आवारा कुत्तों ने एक मासूम को अपना निवाला बनाने की कोशिश की। मासूम बच्ची पर चार से पांच आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्ते मासूम को बुरी तरह से नोंच रहे थे जिससे वो बुरी तरह घायल हुई है। मासूम की आवाज सुनकर दो बहादुर युवकों ने उसे कुत्तों के जबड़ों से बचाया।