
किडनी फेल होने के ये हैं सबसे बड़े कारण, रोजाना के ये 8 काम आपकी किडनी रखेंगे स्वस्थ
भोपाल. हमारा शरीर कुदरत का ऐसा करिश्मा है, जिसमें हर अंग अपना अपना काम करके शरीर को स्वस्थ्य रखने का काम करता है। इन सबके बीच हमारी गलत आदतों के कारण बीमारी अपना सिर उठाने लगती है और कई अंगों पर असर डालती है। आज खान पान और दिनचर्या में बदलाव के चलते दुनियाभर में किडनी की बीमारी से प्रभावित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश में 7 से 8 फीसदी आबादी किडनी फेल होने की गंभीर परेशानियों से जूझ रही है। इस बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 10 मार्च को वर्ल्ड किडनी डे के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में पत्रिका ने राजधानी भोपाल के किडनी रोग विशेषज्ञों से चर्चा की, उन्होंने बदलती जीवन शैली में खानपान की बुरी आदतें और व्यायाम से दूरी को बड़ा कारण बताया।
शहर के किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. कैशव वाधवानीके अनुसार, किडनी के मरीजों की संख्या वैश्विक तौर पर इतनी तेजी से बढ़ रही है कि, मौजूदा समय में दुनिया में हर 10वां युवा किडनी की समस्या से ग्रस्त है। इसके अलावा, मृत्यु का 5वां प्रमुख कारण किडनी की बीमारी है। किडनी के मरीजों को हार्ट संबंधी समस्या की आशंका भी अधिक होती है। उन्होंने बताया कि, शहर में करीब 2200 मरीज नियमित रूप से डायलिसिस करा रहे हैं। किडनी संबंधी बीमारियों के अन्य मरीजों की तादाद इससे कई गुना अधिक है।
क्या है किडनी फैल होना?
शुरुआती अवस्था में बीमारी के लक्षण पकड़ में नहीं आता, किडनी के 60 प्रतिशत खराब होने के बाद ही मरीज को इसके खराब होने के संबंध में पता चल पाता है। किडनी या गुर्दा राजमा की शक्ल जैसा अंग है, जो पेट के दाएं और बाएं भाग में पीछे की तरफ स्थित होता है। किडनी खराब होने पर शरीर में खून साफ नहीं हो पाता और क्रिएटनिन बढ़ने लगता है। अगर दोनों किडनी अपना कार्य करने में सक्षम न हों, तो उसे आम भाषा में किडनी फेल होना कहा जाता है।
ये आदतें स्वस्थ रखेंगी आपकी किडनी
1. व्यायाम बड़ी दवा
व्यायाम कर फिट रहने वाले लोगों का ब्लडप्रेशर कम रहता है। इससे क्रोनिक किडनी डिसीज होने का खतरा कम हो जाता है। आप किसी भी एक्सरसाइज से खुद को फिट रख सकते हैं।
2. इतना पानी शरीर के लिए जरूरी
लिक्विड इनटेक के मुद्दे पर विशेषज्ञों में अलग-अलग राय है, लेकिन अधिकतर का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को स्वस्थ रहने के लिए कम से कम 1.5 से 2 लीटर पानी पीना चाहिए।
3. ब्लड शुगर बड़ा दुश्मन
डायबिटीज के शिकार लोगों में से आधे मरीज किडनी फेल्योर के शिकार बनते हैं। इसलिए अगर आप पहले से डायबिटीज के शिकार हैं तो आपको अपनी किडनी का विशेष ख्याल रखना चाहिए।
4. पहले धूम्रपान छोड़ें
धूम्रपान तत्काल छोडऩा चाहिए। धूम्रपान किडनी में रक्त प्रभाव को प्रभावित करता है। ऐसे में किडनी को सामान्य रूप से काम करने के लिए पर्याप्त खून नहीं मिल पाता।
5. ब्लड प्रेशर से खतरा
हाई ब्लडप्रेशर से किडनी डैमेज होने का खतरा भी रहता है। एक सामान्य व्यक्ति का ब्लड प्रेशर 120/80 होता है, अगर आपका ब्लडप्रेशर 140/90 पर है तो आपको डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
6. पेनकिलर लेने से बचें
अगर आप थोड़े से दर्द में भी दर्दनाशक दवाएं ले लेते हैं तो खुद की किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी दवा को लेने से बचना चाहिए।
7. मोटापा करेगा परेशान
किडनी डेमेज से बचने के लिए सेहतमंद खाने को अपनाना चाहिए। एक दिन में सिर्फ 5 से 6 ग्राम नमक लेना चाहिए। इसके अलावा प्रोसेस्ड फूड एवं बाहर के खाने को भी कम करें।
8. ये लोग कराएं जांच
डायबिटिक मरीज, हायपरटेंशन मरीज, मोटापे के शिकार लोग, अनुवांशिक किडनी रोग की स्थिति के लोग। इन सभी को डॉक्टर की सलाह लेकर समय-समय पर किडनी की जांच जरूर कराना चाहिए।
महिला अधिकारियों ने थाने में किया ऐसा डांस, जमकर मची धूम, देखें वीडियो
Published on:
10 Mar 2022 04:25 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
