
,,
हॉरर...हॉन्टेड... ऐसे शब्द जिन्हें सुनकर ही लोगों में जिज्ञासा जागने लगती है कि आखिर क्या है, कहां है? क्यों है और कैसे है? कई लोग इन सवालों के जवाब जानना चाहते हैं और कई लोग ना बाबा ना करते नजर आते हैं। और अगर आप उनमें से हैं जो इन सवालों के जवाब जानने में बेहद इंट्रेस्ट रखते हैं तो इस खबर को पढऩे में आपको बहुत मजा आने वाला है। हिस्टॉरिकल प्लेसेज, वाइल्ड लाइफ, नेचर ब्यूटी के कारण दुनिया भर में मशहूर देश का दिल और धड़कन मध्यप्रदेश ऐसा स्थान भी है जहां आपको कई इंट्रेस्टिंग स्टोरीज के बीच हॉरर स्टोरीज भी सुनने को मिलेंगी। हालांकि इनकी सच्चाई क्या है क्या नहीं? लेकिन लोगों का काम है कहना... और लोग सुनते हैं यकीन भी करते हैं... लेकिन...पत्रिका.कॉम इसकी पुष्टि नहीं करता है। ये आर्टिकल आम मान्यताओं और धारणाओं पर आधारित है। ऐसी ही किंवदंतियों के बीच आज हम आपको लेकर चल रहे हैं मप्र की सबसे भूतिहा जगह, जिनका नाम सुनते ही लगता है डर..कांप जाती है रूह।
भूत बंगला
एमपी की राजधानी भोपाल की सबसे भूतिहा जगहों में से एक है भूत बंगला। शहर की प्रोफेसर कॉलोनी में स्थित एक बंगले को यहां के लोग इसी नाम से जानते हैं। माना जाता है कि इस बंगले में भूत रहते हैं। वर्षों से वीरान पड़ा यह बंगला कई डरावनी कहानियां और किस्सों के लिए मशहूर है। लोगों का कहना है कि इस बंगले में कई बार खून से सनी लाशें मिली हैं, लेकिन आज तक यह पता नहीं चल सका कि आखिर ये कत्ल करता कौन है? माना जाता है कि इस बंगले में जाने की हिमाकत जो भी करता है उसे बंगले में रहने वाले भूत, उनकी आत्माएं मौत की नींद सुला देते हैं। हालांकि अब यह बंगला तोड़ दिया गया है, लेकिन आज भी यह भोपाल शहर की सबसे खतरनाक जगहों में से एक है। लोग यहां से गुजरने से भी डरते हैं।
डाऊ इंडस्ट्रीयल कॉम्प्लेक्स
भोपाल की डाऊ इंडस्ट्रीयल बिल्डिंग 1984 में हुई दुनिया की सबसे बड़ी त्रासदी के घटना से जुड़ी है। इस बिल्डिंग को भोपाल शहर की सबसे खतरनाक जगह माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वीरान और उजाड़ पड़ी बिल्डिंग के आसपास आत्माओं का साया है। भोपाल गैस त्रासदी का शिकार हुए लोगों की आत्माएं यहां आज भी हैं। यही नहीं कई लोगों ने डाऊ इंडस्ट्रीयल बिल्डिंग में आत्माओं के होने के प्रमाण के दावे भी किए हैं। जबकि कुछ लोग डरावनी घटनाओं के कहानी-किस्से सुनाते नजर आते हैं।
ताजमहल
भोपाल का ताजमहल नवाब शाह जहां बेगम ने बनवाया था। इतिहासकारों की मानें तो नवाब शाहजहां की वास्तुकला में बहुत दिलचस्पी थी। इसीलिए उन्होंने इस ताजमहल का निर्माण करवाया था। आपको यह जानकर भी हैरानी होगी कि इस ताजमहल को बनने में 13 साल लगे थे। लेकिन आज वास्तुकला का उदाहरण ये इमारत भी हॉरर कहानियों का हिस्सा है। स्थानीय लोगों का यहां तक कि इसकी देखरेख करने वालों का भी कहना है कि रात में यहां जाना सेफ नहीं। यह आम धारणा भले ही है। लेकिन दुनिया भर में तब उजागर हुई जब राजकपूर राव और श्रद्धा कपूर स्टारर मूवी स्त्री की शूटिंग यहां की गई। ये खबर उस समय हर न्यूज रूम का न्यूज पेपर में चर्चा का विषय रही कि ताजमहल में शूटिंग के दौरान रात में बाल बांधकर ताजमहल में रहने की सख्त हिदायत दी गई थी। पूरी टीम को परफ्यूम, इत्र लगाने के लिए भी साफ-साफ मना किया गया था। पूरी यूनिट ने लोगों की बात का सम्मान रखा और नियम फॉलो किए। खुद श्रद्धा कपूर ने कहा था कि इन भूतिहा बातों के बीच शूटिंग करना पूरी यूनिट के लिए मजेदार था।
शिवपुरी किला
राजधानी भोपाल के शिवपुरी जिले में स्थित किला भी कई हॉरर कहानियों के लिए लोगों के बीच डरावनी जगह है। यहां रात में तो दूर कोई दिन में भी जाने से कांपता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां दिन ढलते ही रात में भूतों की महफिल सजती है। दरअसल, इसके पीछे भी एक कहानी है। दो हजार साल पहले बने इस किले में वीर खांडेराव नामक राजा था। उसे लड़कियों का नृत्य देखने का बेहद शौक था, यहां तक कि वो उनके लिए आलीशान पार्टी आयोजित करता था। और यही कहानी डरावनी कहानियों का किस्सा बन गई। लोगों का कहना है कि खांडेराव की मौत के बाद यहां कोई परिवार रह ही नहीं पाया। यहां आज भी वीर खांडेराव का भूत आलीशान पार्टियां करता है। लोगों के बीच धारणा है कि जो इस महफिल को देख ले वो जिंदा नहीं लौटता। लोग बताते हैं कि एक परिवार ने यहां रहने की हिम्मत दिखाई थी, लेकिन उस परिवार की महिलाएं अजीबो-गरीब हरकतें करने लगी थीं। जिसके बाद उन महिलाओं का तांत्रिक विद्या से इलाज करवाया गया। हालांकि इन डरावनी कहानियों किस्सों के बीच यह किला आज अपनी पहचान खो चुका है।
गुना का थॉमस चर्च
गुना की देलवी कॉलोनी में स्थित थॉमस चर्च भी ऐसी ही डरावनी कहानियों और किस्सों का हिस्सा है। माना जाता है कि यहां कई अनहोनी घटनाएं सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि यहां अक्सर रात में बच्चों के रोने की आवाजें सुनाई देती हैं। लोग इसके रात में इसके आसपास से गुजरने में भी डरते हैं। जानकारी यह भी मिलती है कि इस चर्च को एक बार कुछ असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया था। जिसके बाद इस चर्च को खाली करा दिया गया था। तब से ये चर्च खाली ही पड़ा है। कोई भी इसे देखना नहीं चाहता। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसे देखने भर से ही डर के कारण उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
भूतिहा पीपल ट्री
एमपी का जबलपुर भी इन खौफनाक कहानियों का हिस्सा है। जबलपुर शहर के बीटी रोड पर एक पुराना पीपल का पेड़ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपल के पेड़ की यह जगह शहर की सबसे भूतिहा जगहों में से एक है। कहने को भले ही यहां रहने वाले ग्रामीण इस पुराने पीपल के पेड़ को बरम देव का पेड़ मानकर इसकी पूजा करते हैं, लेकिन वहीं उनका यह भी मानना है कि इस पीपल के पेड़ के पास कई आत्माओं का वास है। इसीलिए शाम ढलते ही लोग इस पेड़ के पास भूलकर भी भटकना नहीं चाहते। लोगों के बीच ऐसी डरावनी मान्यताओं को देखते हुए इस पेड़ को काटा भी गया। लेकिन लोगों के बीच इसका डर आज भी कायम है।
6. इंदौर की एम्प्टी बिल्डिंग
इंदौर के एमजी रोड पर स्थित एम्प्टी बिल्डिंग को इस शहर की सबसे भूतिहा जगहों में से एक माना जाता है। बताया जाता है कि काफी साल पहले एक महिला ने इस इमारत से कूदकर खुदकुशी कर ली थी। लोगों का मानना है कि महिला की खुदकुशी की घटना के बाद से ही यहां असामान्य और अजीब घटनाएं सामने आती हैं। इन घटनाओं को देखने-सुनने वालों ने धीरे-धीरे इस बिल्डिंग को छोड़कर जाना शुरू कर दिया। एक दिन वो भी आया जब ये बिल्डिंग पूरी तरह से खाली हो गई। बताया जाता है कि लोग आज भी इस बिल्डिंग में जाने से खौफ खाते हैं। जबकि ये एम्प्टी बिल्डिंग शहर के ऐसे इलाके में है, जो सबसे व्यस्त रहता है। मुख्य सड़क के किनारे बसी इस बिल्डिंग में कोई भी घर खरीदना नहीं चाहता।
7. सुख निवास पैलेस
मध्यप्रदेश की सबसे डरावनी जगहों में से एक जगह है सुख निवास पैलेस। बेहद खूबसूरत होने के बावजूद लोग इससे दूरियां बनाए रखते हैं। बाहर से देखने में सुख निवास पैलेस जितना भव्य, आलीशान है, अंदर का नजारा उससे भी ज्यादा सुंदर है। लेकिन कई लोगों का मानना है कि उन्होंने इस खूबसूरती के बीच कई असामान्य घटनाओं को देखा है। यही कारण है कि यह खूबसूरत महल भी खौफ की भेंट चढ़ गया। ये महल इंदौर के होलकर्स द्वारा 18वीं शताब्दी में बनवाया गया था, लेकिन अब इसे म्यूजियम का रूप दे दिया गया है। हालांकि लोग यहां घूमने आते हैं, लेकिन इस भूतिया महल की कहानी सुनने में बेहद इंट्रेस्टेड नजर आते हैं।
8. इंदौर के ब्रिज पर भूतों का साया
इंदौर का एबी रोड ब्रिज कहने को बेहद फेमस है। लेकिन इस ब्रिज पर कई एक्सीडेंट और हादसे हुए हैं। जिन्हें लोग आज भी याद करते हैं। यानी वो हादसे आज भी लोगों की चर्चा में बने रहते हैं। आपको बता दें कि इस ब्रिज को गमले वाली पुलिया के नाम से भी जाना जाता है जो एबी रोड पर आईपीएस स्कूल के पास से ही गुजर रहा है। लोगों का मानना है कि यहां अच्छा खास व्यक्ति भी मौत का शिकार हो जाता है। लोगों का कहना है कि देर रात में इस ब्रिज से गुजरने वाले लोगों के सामने सफेद साड़ी पहने एक औरत आती है और हादसा हो जाता है। लेकिन वो औरत उसके बाद कहीं नजर नहीं आती, यानी गायब हो जाती है। वहीं लोगों का कहना है कि एबी रोड ब्रिज से हर रोज गुजरने वाले लोगों ने इस औरत को महसूस किया है और उसे देखने वालों का एक्सिडेंट होना तय है। फिर वे सीधे मौत की नींद सोते हैं।
Updated on:
27 Nov 2023 01:32 pm
Published on:
27 Nov 2023 01:30 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
