
ट्रेन का टिकट बुक करवाने से पहले जान लें क्या हैं यात्रा के नियम, वरना होगी मुश्किल
भोपाल. रेल मंत्रालय द्वारा चुनिंदा मार्गों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें से नौ ट्रेनों का हॉल्ट भोपाल रेलवे स्टेशन भी है। ऐसे में भोपाल रेल मंडल ने यात्रियों के एडवायजरी जारी की है। डीआरएम उदय बोरवणकर ने बताया कि यात्रियों को ट्रेन के प्रस्थान समय से 90 मिनट पूर्व स्टेशन पर पहुंचना होगा, ताकि सुरक्षा कर्मियों द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग व अन्य आवश्यक परीक्षण समय से पूरा किया जा सके। अपनी सुरक्षा और सुविधा के लिए यात्रा के पहले अपने स्मार्ट फोन पर आरोग्य सेतु ऐप अनिवार्य रूप से डाउनलोड करें।
कन्टेनमेंट जोन में रहने वाले व्यक्ति न करें यात्रा
आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड और सक्रिय नहीं होने पर आपकी यात्रा रद्द की जा सकती है। अत: जरूरी है कि यह ऐप पहले से ही डाउनलोड कर लें और अपने स्वास्थ्य की जांच करते रहें। इससे आप अपने आसपास संक्रमित व्यक्ति से अलर्ट भी रहेंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि कन्फर्म टिकट यात्री ही स्टेशन पर आएं। अपने वाहन से स्टेशन आने वाले यात्रियों को स्टेशन परिसर में चालक व यात्री को स्टेशन परिसर में प्रवेश तभी मिलेगा, जब उनके पास कन्फर्म टिकट हो या अपने मोबाइल पर कन्फर्म टिकट होने की पुष्टि करेंगे। प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद है लिहाजा कन्फर्म टिकट यात्री को ही प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति मिलेगी। इसके लिए वैध पहचान पत्र और निवास स्थान का पता प्रमाण पत्र अपने साथ अवश्य रखें। कन्टेनमेंट जोन में रहने वाले व्यक्ति यात्रा को टालें। घर से चलने से पूर्व शरीर का तापमान जरूर देख लें, यदि बुखार हो तो यात्रा ना करें।
आने-जाने के लिए अलग-अलग रहेंगे स्टेशन पर गेट
ट्रेन में बेडरोल की सेवा नहीं होगी। अपनी जरूरत के अनुसार ओढऩे का कोई वस्त्र आप अपने साथ रख सकते हैं। गाड़ी में और स्टेशन पर अभी खान-पान की सेवा उपलब्ध नहीं है इसलिए जरूरत अनुसार इसका प्रबंध स्वयं करके चलें। स्टेशन पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य है। आगमन-प्रस्थान के लिए दो अलग-अलग गेट बनाए गए है, जहां से आने-जाने के लिए कुछ दूर तक चलना पड़ सकता है। इसलिए अपने साथ सामान कम से कम रखें। किसी भी स्टेशन पर अथवा बीच में यात्री ट्रेन के दरवाजों को न खोलें, ट्रेन में सवार सुरक्षा कर्मी हर स्टेशन पर दरवाजे खोलेंगे। गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने पर वहां के स्थानीय नियमों के अनुसार आपको स्वास्थ्य व सुरक्षा में सहयोग करना होगा।
Updated on:
13 May 2020, 1:45 AM IST
Published on:
13 May 2020, 1:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.