
twisha sharma samarth singh
Twisha Sharma husband claim: भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत के मामले की कानूनी लड़ाई अब मध्यप्रदेश हाईकोर्ट पहुंच चुकी है। एक तरफ ट्विशा शर्मा का फरार पति है जिसने भोपाल कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है तो वहीं दूसरी तरफ ट्विशा के परिवार ने भी समर्थ सिंह की मां गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग को लेकर और ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की अनुमति लेने के लिए हाईकोर्ट में जाने तैयारी शुरू कर दी है।
ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह हाईकोर्ट में जो जमानत याचिका दायर की है उसमें उन्होंने दहेज मांग के आरोपों को संदिग्ध बताया है। इतना ही नहीं उन्होंने याचिका में कहा है कि वो और उनकी मां ने कथित तौर पर ट्विशा के खाते में 7 लाख रुपये से ज्यादा की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की थी। ऐसे में दहेज प्रताड़ना और 2 लाख रुपये मांगने के आरोपों पर सवाल उठते हैं। याचिका में ये भी कहा गया है कि सेशन कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज की है लेकिन इसी मामले में उनकी मां गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दी है।
समर्थ सिंह की ओर से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जो जमानत याचिका दायर की गई है उसमें दावा किया गया है कि शिकायतकर्ता की ओर से पेश किए गए व्हाट्सएप चैट एडिटेड और अधूरे हैं। उन चैट्स के साथ छेड़छाड़ की गई है, इसलिए इन्हें भरोसेमंद सबूत नहीं माना जा सकता। यहां बता दें कि ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से फरार पति सामर्थ सिंह पर पुलिस ने पहले 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था जिसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया है और पुलिस की टीमें लगातार समर्थ सिंह को पकड़ने में लगी हुई हैं।
ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है साथ ही उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। मध्यप्रदेश सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के आदेश पर ये कार्रवाई की गई है। गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना केस के बाद कार्रवाई की गई है, साथ ही राज्य आयोग के रजिस्ट्रार को गिरिबाला सिंह के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं।
Updated on:
27 May 2026 06:22 pm
Published on:
21 May 2026 06:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
