
twisha sharma death case cbi investigation
ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मिस पुणे और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत का मामला सुर्खियां बना हुआ है। ट्विशा शर्मा का परिवार बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए न्याय की मांग कर रहा है और इसी बीच ट्विशा के परिवार ने सीएम मोहन यादव से मुलाकात की है। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने ट्विशा के परिवार को आश्वासन दिया है कि सरकार उनके साथ है और हर संभव मदद की जाएगी।
बुधवार को भोपाल में ट्विशा शर्मा के परिवार ने सीएम मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने ट्विशा के परिवार से कहा कि सरकार आपके साथ है और आपकी हर संभव मदद की जाएगी। सीएम ने आश्वासन दिया है कि ट्विशा की मौत की जांच के लिए सीबीआई को पत्र लिखा जाएगा। इसके साथ ही सीएम ने ट्विशा के परिवार को परिवहन सेवा उपलब्ध कराने और दिल्ली शव ले जाने के लिए वाहन सुविधा कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम मोहन यादव ने कहा कि ट्विशा के दोबारा पोस्टमार्टम पर न्यायालय फैसला लेगा।
इससे पहले राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा ने भी केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर ट्विशा शर्मा की मौत की सीबीआई जांच की मांग की है। पत्र लिखने के साथ ही विवेक तनखा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है- केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री सीएम मोहन यादव से अनुरोध है कि ट्विशा शर्मा की मौत की जांच सीबीआई को सौंप दी जाए। उन्होंने आगे लिखा है- पिछले 8 दिनों से अविश्वास और गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। पीड़ित परिवार अंतिम संस्कार नहीं कर रहा है। लोगों की भावनाएं उफान पर हैं, जबकि भरोसे का स्तर काफी नीचे है। इस समस्या का एकमात्र समाधान CBI ही है।
ट्विशा शर्मा के परिजन ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को को कंज्यूमर फोरम के पद से हटाने की भी मांग की है। परिजन ने इसके लिए राज्यपाल को पत्र लिखा है। जिसमें लिखा गया है कि- गिरीबाला पर दहेज मृत्यु के तहत मामला दर्ज है। इसलिए उन्हें पद से हटाया जाए। बता दें कि गिरीबाला डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर फोरम में जज के तौर पर नियुक्त हैं।
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश व भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं।
कटारा हिल्स पुलिस ने इस मामले में गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह को बीते शुक्रवार देर शाम भोपाल जिला अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई है। वहीं पति समर्थ सिंह अभी भी फरार है जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 अलग-अलग टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है।
Updated on:
20 May 2026 07:46 pm
Published on:
20 May 2026 06:41 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
