
twisha sharma case second repostmortem plea rejected
Twisha Sharma suspicious death: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में 12 मई को हुई मिस पुणे और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला पूरे देश में सुर्खियां बना हुआ है। ट्विशा के मायके वाले ट्विशा की मौत के लिए उसके पति व रिटायर्ड जज सास पर आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच कोर्ट से ट्विशा शर्मा के परिजनों को बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग खारिज कर दी है। बुधवार को कोर्ट में SHO को अहम निर्देश देते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग खारिज कर दी।
ट्विशा शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी इस बीच सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चौंका देने वाले खुलासे हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक ट्विशा शर्मा के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। बाएं हाथ और कंधे पर नीले निशान मिले हैं, गाल पर भी चोट के दो निशान हैं और गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। जिनसे मौत से पहले ट्विशा के द्वारा संघर्ष किए जाने की पुष्टि हुई है।
ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद से ही उसके मायके वाले पति व ससुरालवालों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। ट्विशा के मायके वालों की मांग है कि दिल्ली एम्स में ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाए, वो अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और इसके कारण ट्विशा का शव 8 दिन से एम्स की मर्चुरी में रखा हुआ है और उसका अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है। पुलिस ने ट्विशा के परिजनों से मर्चुरी से शव ले जाने का आग्रह किया है।
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश व भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं।
कटारा हिल्स पुलिस ने इस मामले में गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह को बीते शुक्रवार देर शाम भोपाल जिला अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई है। वहीं पति समर्थ सिंह अभी भी फरार है जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 अलग-अलग टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है।
Updated on:
27 May 2026 06:23 pm
Published on:
20 May 2026 07:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
